जयंत सिन्हा बोले, पीएनबी घोटाले में बख्शे नहीं जाएंगे नीरव मोदी
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि पीएनबी घोटाला के मास्टर माइंड नीरव मोदी के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई हो रही है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री जयंत सिन्हा ने शनिवार को कहा कि पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। महानगर में आशुतोष मेमोरियल हॉल में स्वदेशी रिसर्च इंस्टीच्यूट द्वारा बजट पर आयोजित परिचर्चा से इतर पत्रकारों ने जब सवाल किया तो सिन्हा ने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार का झाड़ू जब चलेगा तब किसी को भी रिहाई नहीं मिलेगी, इंतजार कीजिए कांग्रेसी शासनकाल के कई घोटाले अभी सामने आने हैं।
नीरव मोदी प्रकरण भी केंद्र सरकार की सफाई अभियान का एक नतीजा है। सिन्हा ने कहा कि पीएनबी घोटाला के मास्टर माइंड नीरव मोदी भले ही विदेश में जाकर बचने का प्रयास कर रहे हों लेकिन हम ऐसे लोगों को नहीं छोड़ने वाले हैं। उनके खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई हो रही है। इस मामले में केंद्र सरकार की नीति स्पष्ट है। हमने जब विजय माल्या को नहीं छोड़ा, तो नीरव क्या चीज हैं। मालूम हो कि पंजाब नेशनल बैंक के एक शाखे से 11 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के फर्जीवाड़े और घोटाले को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर है।