केंद्रीय बल का गलत इस्तेमाल करती थीं ममता: दिलीप घोष
पहाड़ से 10 कंपनी केंद्रीय बल के जवानों को हटाने के केंद्र के फैसले से बौखलाई मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर भाजपा ने भी तीखा पलटवार किया है।
कोलकाता, [जागरण संवाददाता] । पहाड़ से 10 कंपनी केंद्रीय बल के जवानों को हटाने के केंद्र के फैसले से बौखलाई पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आरोपों पर भाजपा ने भी तीखा पलटवार किया है।
केंद्र के इस कदम को पश्चिम बंगाल को बांटने का षडयंत्र करार देने के ममता के आरोपों पर पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा है कि ममता ने पहाड़ पर आग लगाई है। इसे बुझाने की जिम्मेदारी उन्हीं की है। अगर क्षमता है तो वे खुद इसे नियंत्रित करें, केंद्रीय बल के जवानों की मदद क्यों मांग रही हंै।
दिलीप ने कहा कि ममता केंद्रीय बल के जवानों का इस्तेमाल पहाड़ी लोगों को दबाने और उन पर अत्याचार करने के लिए करती थीं तथा कुछ होने पर आरोप केंद्र पर लगा देती हैं। ऐसे में वहां केंद्रीय बल के जवानों को तैनात रखने का कोई औचित्य नहीं है। दिलीप ने दावा किया कि ममता ने बिना कारण पहाड़ के लोगों को धमकाया, उनकी भावनाओं को आहत किया, आग लगाई और उसके बाद केंद्रीय बलों के जरिये वहां के लोगों को मारा।