वीरभूम में तृणमूल-भाजपा समर्थकों में संघर्ष, एक मरा
जागरण संवाददाता, कोलकाता : वीरभूम जिले के राजनगर में आदिवासी सहकारी समिति के चुनाव के लिए हो रहे मतद
जागरण संवाददाता, कोलकाता : वीरभूम जिले के राजनगर में आदिवासी सहकारी समिति के चुनाव के लिए हो रहे मतदान के दौरान तृणमूल और भाजपा समर्थकों में संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से की गई फायरिंग और बमबाजी में एक तृणमूल समर्थक की मौत हो गई। जबकि 6 लोग जख्मी हो गए। संघर्ष के दौरान तीर कमान का भी प्रयोग किया गया। वाहनों में भी आग लगा दी गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। सूत्रों के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे से राजनगर के राजारकेंद्र जूनियर हाईस्कूल में मतदान प्रक्रिया शुरू हुई थी। समिति के चुनाव में तृणमूल, भाजपा, वामफ्रंट-कांग्रेस गठबंधन ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे थे। मतदान शुरू होते ही स्कूल के पीछे कुछ भाजपा कार्यकर्ता एकत्र हुए थे। आरोप है कि उसी समय बलराम मंडल नामक तृणमूल कार्यकर्ता अपने करीब 15 समर्थकों के साथ बाइक से पहुंचा और भाजपा समर्थकों को वहां से खदेड़ने लगा। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया जिसने देखते ही देखते संघर्ष का रूप ले लिया। दोनों ओर से बमबाजी के साथ फायरिंग की जाने लगी। आरोप है कि एक पक्ष की ओर से तीर भी चलाए गए। इससे मतदान केंद्र में अफरा-तफरी मच गई। केंद्र के बाहर खड़े वाहनों में भी आग लगा दी गई। संघर्ष में तृणमूल समर्थक बलराम की मौत हो गई जबकि दोनों पक्षों के 6 लोग जख्मी हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बलराम की मौत गोली लगने से हुई है। सूचना पर पहुंची राजनगर राजनगर थाना पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर सियासी दलों के समर्थकों को खदेड़ कर स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को सिउड़ी सदर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां एक तृणमूल कर्मी की हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना में अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।