भाजपा के आंदोलन से रणक्षेत्र बनी सड़कें
भाजपा नेता का कहना है कि जुलूस पर पुलिस ने लाठी बरसाई है जिसमें सैकड़ों लोग जख्मी हुए हैं। हावड़ा से लेकर मध्य कोलकाता में सड़कें जाम रहीं।
कोलकाताए [जागरण संवाददाता] । भाजपा के लालबाजार(पुलिस मुख्यालय) अभियान को लेकर पूरा कोलकाता की कई सड़कें रणक्षेत्र में तब्दिल हो गई। लाठीचार्ज, आगजनी, वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले से लेकर पुलिस वाहनों में तोडफ़ोड़ की घटनाएं हुई।
भाजपा के कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ-साथ कई बड़े नेताओं पर भी पुलिस की लाठी चटकीं। वहीं लालबाजार से सटे सड़कों के किनारे की सभी दुकानें बंद रहीं। पथराव रोकने के लिए पुलिस ने मुख्यालय के इर्दगिर्द की सड़कों के किनारे पड़े पत्थर, ईंट के टूकड़ों को पहले ही हटा दिया था।
मीडिया कर्मियों पर पुलिस की लाठी नहीं बरसे इसकी पहचान के लिए पुलिस की ओर से पीले रंग के प्रेस लिखे जैकेट बांटे गए थे। तमाम सुरक्षा इंतजाम के बावजूद नदिया से आए भाजपा के करीब 30-35 कार्यकर्ता बस में सवार हो कर पुलिस मुख्यालय गेट तक पहुंच गए। हालांकि, पुलिस ने बस को जब्त कर भाजपाइयों को गिरफ्तार कर लिया।
कॉलेज स्क्वायर, हावड़ा स्टेशन व धर्मतल्ला से शुरू हुई भाजपा के जुलूस में शामिल हजारों कार्यकर्ताओं को लालबाजार के आस-पास पहुंचने पर इन्हें रोकने की कोशिश में पुलिस ने जमकर लाठी चटकाई। इस बीच पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प होने लगी। एक ओर भाजपा कार्यकर्ता बैरिकेड को तोडऩे की कोशिश कर रहे थे तो दूसरी ओर पुलिस ने लाठीचार्ज करने के साथ-साथ आंसू गैस के गोले भी दाग रहे थे।
इस संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की खबर है। इस बीच बीबी गांगुली स्ट्रीट में पुलिस की एक गाड़ी को आग के हवाले कर दिया गया तो दूसरी गाड़ी में कार्यकर्ताओं ने जमकर तोडफ़ोड़ किया। तीन अलग-अलग जगहों से रैली का नेतृत्व कर लालबाजार पहुंचे प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, कैलाश विजयवर्गीय, रूपा गांगुली, राहुल सिंहा शीर्ष नेताओं को हिरासत में ले लिया गया।
आरोप है कि बेंटिकन स्ट्रीट में रैली की ओर से बम भी फेंका गया जिसके बाद पुलिस को मजबूरन लाठी चार्ज करना पड़ा। हालांकि भाजपा ने इस आरोप को अस्वीकार किया गया है। पुलिस के साथ हो रही धक्कामुक्की में भाजपा नेता व अभिनेत्री लॉकेट चटर्जी की भी चोट लगी है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विरोध में भाजपा नेताओं ने राज्यपाल से शिकायत करने के लिए राजभवन भी गए। भाजपा नेता राहुल सिन्हा का कहना है कि शांतिपूर्ण जुलूस पर पुलिस ने लाठी बरसाई है जिसमें सैकड़ों लोग जख्मी हुए हैं।
दूसरी ओर हावड़ा से लेकर मध्य कोलकाता में सड़कें जाम रहीं। इस भीषण गर्मी में लोगों को घंटों फंसे रहना पड़ा।
यह भी पढ़ें: फर्जी डॉक्टर: जाली डिग्री देने वाले एनजीओ पर सीआइडी का छापा