बरानगर मातृसदन अस्पताल में प्रसूता की मौत पर हंगामा
संवाद सूत्र, बैरकपुर : बरानगर मातृसदन अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिवार वालों ने अस्पताल परिस
संवाद सूत्र, बैरकपुर : बरानगर मातृसदन अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद परिवार वालों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। घटना रविवार सुबह की है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इलाज में लापरवाही के कारण प्रसूता की मौत हुई है। हंगामे की सूचना पाकर बरानगर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद भी परिजन मानने को तैयार नहीं थे। दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाई का आश्वासन मिलने के बाद स्थिति को नियंत्रित करना संभव हो पाया। इसके बाद मृतका के पति देवाशीष घोष ने मातृसदन के प्रसूति विभाग की डाक्टर सुष्मिता चौधरी के खिलाफ बरानागर थाने में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार बेलघरिया रथतल्ला की रहने वाली रिया घोष (25) गर्भवती होने के बाद से ही डाक्टर सुष्मिता चौधरी के पास चिकित्साधीन थी। मृतका की सास सुपर्णा घोष ने बताया कि उस डाक्टर की लिखी सारी दवाएं रिया नियमित रूप से लेती थी। प्रसव का समय नजदीक आने पर वह खून सहित सभी प्रकार की पैथोलॉजिकल जाच करवा ली थी। बुधवार प्रसव पीड़ा लेकर वह मातृसदन अस्पताल में भर्ती हुई थी। सुष्मिता चौधरी छुट्टी पर थीं। उन्होंने फोन पर बताया कि शुक्रवार छुट्टी से वापस लौट कर वह रिया को देखेंगी। इसके बाद रिया को डा. केएन दे के अधीन भर्ती किया गया। उन्होंने रिया की जाच कर उसे कुछ दवाएं भी दी और फिर सीजर करने का निर्णय लिया। शनिवार सुबह 11 बजे सीजर कर प्रसव कराया गया और उसने बेटे को जन्म दिया। बेटा होने की खुशी में उसके घरवाले फूले नहीं समाए। शनिवार रात 9 बजे तक उसके परिवार वाले अस्पताल में थे। उस समय तक रिया ठीक थी। यह देख कर परिवार वाले रात बिताने घर लौट गए। रात 2 बजे अस्पताल की ओर से घरवालों को फोन किया गया। उन्हें बताया गया कि रिया की हालत गंभीर है। आनन फानन में घरवाले अस्पताल में पहुंचे। डाक्टरों ने मरीज को आरजी कर अस्पताल रेफर करने की बात कही। वह अस्पताल बरानगर पालिका के अधीन है। आरोप है कि बरानगर नपा का एंबुलेंस चालक वहा नहीं था। उसे तलाशने में काफी विलंब हो गया। घरवाले कमरहट्टी नपा के एंबुलेंस को बुलाए और फिर रिया को लेकर आरजी कर अस्पताल की ओर रवाना हुए। पर रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव सहित पीड़ित परिवार बरानगर मातृसदन अस्पताल लौट कर विरोध प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। खबर पाकर बरानगर नपा के प्रधान अंजन पाल मौके पर पहुंचे और परिवार वालों की शिकायत सुनी। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जाच होगी। दोष प्रमाणित होने पर उस डाक्टर और एंबुलेंस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। मातृसदन अस्पताल के डाक्टर समिक कुमार सेनगुप्ता ने स्वीकार किया कि सीजर के बाद जिस प्रकार की चिकित्सकीय व्यवस्था होनी चाहिए वैसी सुविधा उस अस्पताल में नहीं है।