प्रेसिडेंसी जेल में भिड़े कैदी, चाकू से किया हमला
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जेल के अंदर फिर कैदियों के बीच हुई झड़प में एक कैदी बुरी तरह जख्मी हो गया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : जेल के अंदर फिर कैदियों के बीच हुई झड़प में एक कैदी बुरी तरह जख्मी हो गया। घटना शनिवार सुबह प्रेसिडेंसी जेल की है। जानकारी के मुताबिक दक्षिण कोलकाता स्थित कड़ी सुरक्षा व्यवस्था से लैस प्रेसिडेंसी जेल में अचानक कैदियों के दो गुटों में झड़प शुरू हो गई। इस दौरान एक कैदी ने दूसरे कैदी पर चाकू के हमला कर दिया। इस हमले में शेख मंगल नामक वह कैदी बुरी तरह जख्मी हो गया। उसे इलाज के लिए राज्य के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल एसएसकेएम में भर्ती किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जख्मी शेख मंगल कुख्यात अपराधी है। उसे खिदिरपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया था और अभी वह विचाराधीन कैदी है। हेस्टिंग्स थाने की पुलिस घटना की जांच में जूट गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि किस विवाद को लेकर कैदियों के बीच मारपीट हुई? कड़ी सुरक्षा के बीच इस जेल के अंदर कैदियों के पास चाकू या अन्य खतरनाक हथियार कहां से आए? इसे कहां से सप्लाई की जा रही है? क्या जेल के कर्मचारी ही इस घटना में शामिल हैं? कैदी शेख रमुआ व कालू भी इस घटना में शामिल हैं। पुलिस जेल के कर्मचारियों से पूछताछ कर घटना की तह तक जाने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद से जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ज्ञात हो कि जेल के अंदर कैदियों के बीच झड़प की यह कोई पहली घटना नहीं है। आपसी विवाद को लेकर इससे पहले भी कैदी जेल के अंदर मारपीट की घटना को अंजाम दे चुके हैं। इस दौरान चाकू, ब्लेड या फिर अन्य हथियार से कैदियों के जख्मी होने की भी घटनाएं प्रकाश में आ चुकी हैं।