नीतीश के साथ बिहार में मंच साझा करेंगी ममता
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता परिवार के मुखिया समझे जा रहे मुलायम सिंह यादव ने राजनीतिक मतभेद के चलते नीतीश कुमार व लालू प्रसाद के साथ कठोर रवैया अख्तियार कर लिया है। इससे कहीं न कहीं सियासी समीकरण भी बिगडऩे लगा था।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले जनता परिवार के मुखिया समझे जा रहे मुलायम सिंह यादव ने राजनीतिक मतभेद के चलते नीतीश कुमार व लालू प्रसाद के साथ कठोर रवैया अख्तियार कर लिया है। इससे कहीं न कहीं सियासी समीकरण भी बिगडऩे लगा था। लेकिन एक बार फिर सियासत करवट लेने लगी है। धर्मनिरपेक्ष मोर्चे की ताकत मजबूत करने को अब नीतीश को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का साथ मिलता दिख रहा है।
सूत्र बताते हैं कि ममता चुनावी रैली में नीतीश के साथ बिहार में संभवत: इसी महीने मंच साझा कर सकती हैं। दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव में धुर विरोधी रहे लालू-नीतीश धर्मनिरपेक्षता के नाम पर भाजपा को हर हाल में मात देना चाहते हैं। इसी कड़ी में ममता भी मौके की तलाश में हैं।
जानकार मानते हैं कि ऐसा करना ममता की मजबूरी भी हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि जहां एक और ममता भाजपा विरोधी मंच तैयार करना चाहती हैं वहीं उनकी कोशिश पार्टी सुप्रीमो के नाते अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की राष्ट्रीय भूमिका तैयार करना भी हो सकता है।