किरण दिल्ली सीएम पद के लिए उपयुक्त : हेमा मालिनी
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बॉलीवुड ड्रीम गर्ल व भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को कोलकाता में अपन
जागरण संवाददाता, कोलकाता। बॉलीवुड ड्रीम गर्ल व भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने गुरुवार को कोलकाता में अपने संगीत एलबम के बारे में जानकारी देने से इतर राजनीतिक चर्चा भी की। कहा, दिल्ली में भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार पूर्व आइपीएस अधिकारी किरण बेदी इस पद के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं।
भाजपा सांसद ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर महिलाओं की स्थिति में सुधार हुआ है। भाजपा अटल बिहारी वाजपेयी के समय से ही महिलाओं की सुरक्षा की दिशा में काम करती आ रही है।
हेमा ने अपने संसदीय क्षेत्र मथुरा के लिए भी विकास परियोजनाओं का खुलासा किया। कहा कि मथुरा में विकास के लिए कई परियोजनाएं तैयार हैं। यहां के 500 गांव बेहद बदतर हालत में हैं, जिन्हें विकसित किया जाएगा और जिले में महिला सशक्तीकरण पर जोर दिया जा रहा है। मथुरा शहर को 'हेरिटेज सिटी' का दर्जा दिया गया है।
हेमा ने कहा कि महिलाओं को जिंदगी में हर चीज का अनुभव करना चाहिए। उन्हें जब भी कोई अवसर मिला तो उन्होंने उसे छोड़ा नहीं। अगर मन में कुछ करने का इरादा हो तो मुश्किल कुछ भी नहीं है। पहले उन्हें राज्यसभा में जाने का अवसर मिला और जब लोकसभा में। कहा, मन मजबूत हो तो राजनीति भी मुश्किल नहीं है। कहा कि पश्चिम बंगाल में बदलाव की जरूरत है। यहां विकास चाहिए। राज्य में हमारी सरकार बनने पर बहुत से विकास कार्य होंगे।