मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग पर अडिग भाजपा
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। प्रदेश भाजपा सारधा चिटफंड घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग पर अडिग है। सीबीआइ जांच में तृणमूल कांग्रेस के कुछ नेताओं से पूछताछ होने व कुछ की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश भाजपा ने मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की थी। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मांग को लेकर सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राहुल सिन्हा ने फिर दोहराया कि वह सारधा कांड में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के इस्तीफे की मांग पर अडिग हैं।
उन्होंने कहा कि सीबीआइ जांच में सारधा घोटाले में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के शामिल होने के पुख्ता सुराग मिले हैं। चिटफंड कंपनी के साथ तृणमूल नेताओं की मिलीभगत से हजारों करोड़ रुपये का घोटाला हुआ। आम लोगों के रुपये लूटने के खेल में तृणमूल के नेता शामिल हैं। ममता बनर्जी के रेल मंत्री रहने के दौरान आइआरसीटीसी के साथ सारधा टूर एंड ट्रैवेल्स का करार हुआ था।
ममता के निर्देश पर सारधा समूह के साथ रेलवे का यह करार हुआ था। इसके भी पुख्ता सबूत मिले हैं। सारधा समूह के कर्णधार सुदीप्त सेन के साथ मुख्यमंत्री की दार्जिलिंग में जो बैठक हुई थी, उसका भी प्रामाणिक तथ्य मिला है। इसके बाद ममता को मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। सीबीआइ जांच में एक के बाद एक घोटाले से तृणमूल नेताओं के जुड़े होने के तथ्य उभरकर सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद ममता मौन हैं। उन्हें मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
सिन्हा ने कहा कि जिस तरह सारधा कांड में एक के बाद एक तृणमूल नेताओं का नाम आ रहा है, उससे ममता सरकार की मियाद पूरी होने में संदेह है।