मोदी सरकार पर ममता का वार
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। सोमवार को धर्मतल्ला में आयोजित शहीद दिवस रैली में उन्होंने भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
ममता ने कहा कि सत्ता में आने के एक महीने बाद ही मोदी सरकार ने पेट्रोल-डीजल का मूल्य व रेलवे का यात्री किराया व माल भाड़ा बढ़ा दिया। भाजपा ने लोकसभा चुनाव के पहले बहुत से वादे किए थे लेकिन सत्ता में आने के बाद उसके विपरीत कर रही है। इन सबके खिलाफ तृणमूल लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेंगी।
पार्टी सुप्रीमो ने कहा कि बंगाल में तृणमूल के शासन में भाजपा कभी मुख्य राजनीतिक दल में तब्दील नहीं हो पाएगी। बंगाल की दो लोकसभा सीटें जीतने के बाद से भाजपा झूठा प्रचार कर रही है। अगले लोकसभा चुनाव में वह ये दो सीटें भी नहीं जीत पाएगी। बंगाल में साम्प्रदायिक दल के लिए कोई जगह नहीं है। बहुत सी जगहों पर साम्प्रदायिक दंगे फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। उनकी सरकार साम्प्रदायिक तनाव किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
एक ओर ममता ने भाजपा पर कड़ा प्रहार किया, वहीं दूसरी ओर वामपंथी दलों के प्रति सहानुभूति जताई। कांग्रेस के तीन व माकपा के एक विधायक को तोड़ने के बाद उन्होंने अच्छा काम करने वाले नेताओं से तृणमूल का झंडा थामने की अपील की।
ममता ने सिंडिकेट कारोबार, फिरौती व गुटीय संघर्ष की घटनाओं के मद्देनजर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी सावधान किया।
उन्होंने कहा कि जिनका कोई सिद्धांत नहीं है, उन्हें राजनीति में नहीं आना चाहिए। पार्टी में गुटबाजी करके कोई नेता नहीं बनता है। तृणमूल में जनता के लिए लड़ाई करके नेता बना जाता है। उनकी पार्टी में जो अन्याय करता है, उनके खिलाफ वह कार्रवाई करती हैं। कुछ लोग तृणमूल के खिलाफ अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे है, उनके जाल में नहीं फंसना चाहिए। तृणमूल को किसी से रुपये की जरूरत नहीं है। पार्टी इस तरह की राजनीति में यकीन नही करती। वे पेंटिंग्स तैयार करके और कविताएं लिखकर अपनी पार्टी के लिए फंड संग्रह करेंगी। उनकी पेंटिंग्स बिकने पर कुछ लोगों को तकलीफ होती है। चुनाव आने पर वह फिर पेंटिग्स तैयार करेंगी और किताबें लिखेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल ही देश को रास्ता दिखाएगा। राज्य उद्योग में फिर नंबर एक होगा। वह बंगाल को विश्व के मंच पर स्थान दिलाएंगी। तृणमूल में ऐसी नई पीढ़ी तैयार होगी जो आने वाले समय में भी यहां शासन करेगी। ममता ने अगले साल जनवरी में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पार्टी की अगली रैली की घोषणा की। मुकुल राय और सुदीप बंद्योपाध्याय समेत तृणमूल के अन्य नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। मशहूर लेखिका महाश्वेता देवी ने कहा कि आज का दिन बंगाल के लिए गर्व का दिन है।
टालीवुड के फिल्म अभिनेता व अभिनेत्री सहित साहित्य व संस्कृति जगत के विशिष्ट लोग भी मंच पर उपस्थित थे। विभिन्न जिलों से भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व आम लोगों की भीड़ रैली में जुटी थी।