सास-ससुर को जख्मी कर पत्नी का अपहरण
संवाद सूत्र, बैरकपुर : जगदल थानान्तर्गत श्यामनगर से युवती को अपने साथियों के साथ उसका पति ने हथियार की नोक पर अपहृत कर लिया। विरोध करने पर उसने अपनी सास शिप्रा चक्रवर्ती व ससुर असीत चक्रवर्ती को धारदार हथियार से बुरी तरह जख्मी कर दिया। चौपहिये वाहन से जाते समय अपहरणकारियों ने हवा में चार राउंड गोलिया चलाई।
सूत्रों के अनुसार श्यामनगर के विवेकनगर की वाशिदा प्रियंका चक्रवर्ती और अशोकनगर निवासी सुप्रतिम आचार्य के बीच प्रेम था। एक पारिवारिक विवाह समारोह के दौरान दोनों का परिचय हुआ था। 2012 में ट्यूशन पढ़ने घर से निकली प्रियंका का अपहरण कर सुप्रतिम उसे अशोकनगर स्थित अपने आवास पर ले गया और सामाजिक रीति से उससे विवाह कर लिया। इच्छापुर के कंठाधार से प्रियंका का अपहरण हुआ था। उस समय वह नाबालिग थी। विवाह के तीन माह बाद प्रियंका वापस अपने माता-पिता के पास लौट आई। 27 अगस्त, 2012 की रात सुप्रतिम 10-12 साथियों के साथ अपने ससुराल पहुंचा तथा घर में उपस्थित सास को मारपीट कर प्रियंका को मारुति से उठा ले गया। उस घटना की शिकायत जगदल थाने में दर्ज हुई और पुलिस के प्रयास से प्रियंका घर लौटी। उस समय प्रियंका ने मीडिया के सामने यह बयान दिया था कि वह सुप्रतिम से प्रेम करती है, अपनी आपसी सहमति से दोनों ने विवाह किया है लेकिन उसके मा-पिता इस विवाह के विरोधी हैं। सोमवार सुप्रतिम पुराने तरीके से एक बार फिर अपनी पत्नी को उठा ले गया। हमले के दौरान प्रियंका की मा के सिर पर चोट लगी तथा उसके पिता के पैरों में कई टाके लगे हैं। उपचार के लिए दोनों को भाटपाड़ा स्टेट जेनरल अस्पताल ले जाना पड़ा। उन दोनों ने सुप्रतिम के खिलाफ जगदल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। प्रियंका अब बालिग हो गई है।