भाजपा नेताओं के खिलाफ हो रही साजिश: घोष
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी: विमला आवास कांड में तृणमूल कांग्रेस के लोग भी जुड़े हैं। साथ में पूर्व जि
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी: विमला आवास कांड में तृणमूल कांग्रेस के लोग भी जुड़े हैं। साथ में पूर्व जिला अधिकारी ने विषय को बढ़ावा दिया है। उक्त बातें गुरुवार एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कही है। उन्होंने बताया कि अगर किसी मामले में किसी का नाम आ जाए तो वह आरोपी नहीं हो जाता है। सरकार विमला आवास कांड की जांच कर रही है। अगर भाजपा नेत्री जूही चौधरी का आरोपी साबित होता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। विषय को लेकर पार्टी की एक टीम भी जांच में जुटी है। फिलहाल जूही को दोषी नहीं मानना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं को गलत मामले में फंसाने में लगी है। बदले की राजनीति से भाजपा के लोगों को लक्ष्य बनाया जा रहा है। सरकार पूरे साजिश के तहत काम कर रही है। दिलीप बाबू की माने तो शिशु तस्करी के मामले माकपा सरकार से ही चली आ रही है। जिसमें अब तक 1004 मामले लंबित है। वर्तमान सरकार के समय में भी शिशु तस्करी की घटना हुई है। मामले में दो चिकित्सकों की गिरफ्तारी भी हुई है। अब भाजपा नेत्री को नाम मामले में घसीटा जा रहा है। लेकिन अब तक आरोप प्रमाणित नहीं हुई है। दोष बस इतना है कि वह चंदना चक्रवर्ती को जानती थी। उसके साथ दिल्ली गई थी। अगर इस बात से कोई आरोपी सिद्ध होता है तो चंदना का एक जिलाधिकारी व तृणमूल नेताओं से भी अच्छा लगाव था। लेकिन उनलोगों का नाम क्यों नहीं आ रहा है? अगर ऐसा ही चलता रहा तो भाजपा सड़क पर उतरकर कर आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर स्थानीय थाना व तृणमूल कांग्रेस कार्यालय का घेराव भी करेंगे। इस दिन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांगठनिक बैठक में भाग लेने के लिए जलपाईगुड़ी पहुंचे थे। जिसमें जिला में सांगठनिक शक्ति को बढ़ाने व कमेटी के क्रियाकलापों को लेकर बात हुई। दूसरी ओर जलपाईगुड़ी शहर के कामार पाड़ा पहुंचने के दौरान तृणमूल छात्र परिषद के सदस्यों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को काला झंडा दिखाया। जिससे आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ था। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से तृणमूल छात्र परिषद के सदस्यों को शांत किया गया। संगठन के जिला महासचिव सौविक चौधरी ने कहा कि जूही चौधरी होम कांड में आरोपी है। उसे सजा दिलाने की मांग को लेकर उनलोगों ने विरोध किया। इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की सभा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।