दो पूर्व पार्षदों ने तृकां के खिलाफ जताया रोष
संवाद सूत्र, धुपगुड़ी: तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद भी क्षेत्र का विकास नहीं हुआ। उक्त आरोप
संवाद सूत्र, धुपगुड़ी: तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद भी क्षेत्र का विकास नहीं हुआ। उक्त आरोप पूर्व पार्षद अनिमा राय व दयामनी राय ने लगाया है। उनलोगों का आरोप है कि उम्मीदवार बनाने का लालच देकर पार्टी में शामिल किया गया था।
एक नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद अनिमा राय ने कहा कि माकपा के सीट पर चुनाव जीता था। लेकिन बोर्ड तृणमूल कांग्रेस के पास होने के कारण भय था कि इलाके में विकास कार्य नहीं होगा। क्षेत्र का 90 फीसदी काम नहीं करने दिया गया। माकपा का पार्षद होने के कारण भेदभाव की जा रही थी। कई बार इसकी शिकायत चेयरमैन व उपचेयरमैन को किया गया था, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसके बाद कुछ लोगों से जानकारी मिली कि अगर तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो जाते हैं तो इलाके का काफी विकास होगा। इसके बाद तृणमूल नेताओं ने भी बातचीत करके चुनाव में उम्मीदवार बनाने का आश्वासन देकर पार्टी में शामिल होने के लिए कहा। उन्होंने ने भी क्षेत्र का विकास करने को लेकर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसके बावजूद महिला कालेज रोड को छोड़कर किसी सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ। पेयजल योजना का उद्घाटन होने के बाद भी 1 नंबर वार्ड के अधिकांश घरों में पाइप लगाने का काम नहीं हुआ है। केवल दो कालेज के आसपास के इलाकों को छोड़ दिया जाए तो वार्ड का अधिकांश हिस्सा ही गांव की तरह ही है। स्थानीय विजय दास की माने तो 1 नंबर वार्ड को छोड़कर अधिकांश वार्डो का विकास हुआ है।
वहीं 16 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद दयामनी राय ने कहा कि नगरपालिका चुनाव के शुरू होते ही जिलाध्यक्ष सौरभ चक्रवर्ती, विधायक मिताली राय समेत अन्य नेतागण घर आकर चुनाव प्रचार का आवेदन कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने किसी पार्टी का ही प्रचार नहीं करने का फैसला लिया है। तृणमूल कांग्रेस ने विश्वासघात किया है। माकपा छोड़ने के बाद भी वार्ड का विकास नहीं हुआ।
पूरे मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस के जलपाईगुड़ी जिला महासचिव राजेश सिंह ने कहा कि दोनों पार्षदों से बात हुई है। दोनों जल्द ही चुनाव प्रचार में शामिल होंगी। साथ ही पार्टी उन्हें महिला तृणमूल कांग्रेस की बड़ी जिम्मेदारी सौंपने वाली है।