हिंदी पखवाड़ा का भव्य समापन
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी : केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सेवा कर जलपाईगुड़ी प्रमंडल जलपाईगुड़ी में हिंदी
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी : केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सेवा कर जलपाईगुड़ी प्रमंडल जलपाईगुड़ी में हिंदी पखवाड़ा का समापन 29 सितंबर को किया गया। यह पखवाड़ा बीते एक सितंबर को शुरु हुआ और 15 सितंबर तक चला। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं में हिंदी सुलेख प्रतियोगिता, हिंदी प्रनोत्तरी एवं अनुवाद प्रतियोगिता के अलावा हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ये प्रतियोगिताएं हिंदी भाषी व हिंदीतर भाषी दो वर्ग में आयोजित की गई जिसमें हिंदी भाषी अधिकारियों के अलावा हिंदीतर अधिकारियों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। कुल अस्सी फीसद अधिकारियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी की। सफल प्रतिभागियों को नकद राशि के साथ पुरस्कृत किया गया। इसमें इस बात का ध्यान रखा गया कि हिंदीतर भाषियों को अधिक राशि मिले। यह जानकारी रुद्र प्रताप सिंह उपायुक्त केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सेवा कर, जलपाईगुड़ी प्रमंडल ने प्रेस विज्ञप्ति के मार्फत दी है। पखवाड़े के दौरान अधिकारियों ने अधिकतर विभागीय कार्य राजभाषा हिंदी में किया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि हिंदी पखवाड़ा के अलावा विभाग का अधिकतर दैनिक काम काज हिंदी में किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के परिणाम घोषित होने के बाद 29 सितंबर को निरीक्षक कक्ष जलपाईगुड़ी प्रमंडल कार्यालय में हिंदी विषय पर संगोष्ठी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रमंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने काफी उत्साह से भाग लिया। उन्होंने सो प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराई है। इस रोज सफल प्रतिभागियों में नकद राशि सहित प्रमाणपत्र हिंदी व हिंदीतर दोनों वर्गो में प्रदान किए गए।