तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे कर्मचारी
जागरण संवाददाता, कर्सियांग : एसडीओ के स्थानांतरण की मांग को लेकर पेन डाउन हड़ताल कर रहे एसडीओ कार्या
जागरण संवाददाता, कर्सियांग : एसडीओ के स्थानांतरण की मांग को लेकर पेन डाउन हड़ताल कर रहे एसडीओ कार्यालय के कर्मचारी शुक्रवार को तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने एसडीओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की व संकट का हल निकालने के उद्देश्य से पहुंचे अतिरिक्त जिलाधिकारी यू स्वरूप के साथ वार्ता में भी एसडीओ विपुल कुमार विश्वास के स्थानांतरण की मांग पर अड़े रहे।
अपराह्न लगभग पौने चार बजे स्वरूप एसडीओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में हड़ताली कर्मचारियों के साथ वार्ता की। वार्ता के दौरान हड़ताली कर्मचारी एसडीओ को हटाने की मांग पर अड़े रहे व डिप्टी मजिस्ट्रेट के साथ ही अन्य कर्मचारियों को भी प्रताड़ित करने की शिकायत करते हुए अपनी मांग पूर्ण होने तक हड़ताल जारी रखने का एलान किया। अतिरिक्त जिलाधिकारी ने एसडीओ का स्थानांतरण जिला प्रशासन के अधिकार क्षेत्र से बाहर की बात बताते हुए हड़ताली कर्मचारियों को समझाने की पुरजोर कोशिश की व एसडीओ को चेतावनी देने एवं डिप्टी मजिस्ट्रेट का स्थानांतरण अन्यत्र कराने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, परंतु बात नहीं बनी। कर्मचारियों ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सोमवार को कार्यालय खुलने पर एसडीओ सभी कर्मचारियों से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगें एवं साथ मिलकर कार्य करने का आश्वासन देते हैं, तो ही हड़ताल समाप्त की जाएगी। अन्यथा की स्थिति में आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने कहा कि शनिवार एवं रविवार को कार्यालय में अवकाश के कारण सोमवार को आंदोलन की दशा-दिशा स्पष्ट होगी। गौरतलब है कि डिप्टी मजिस्ट्रेट त्रिदेव सार के उत्पीड़न के कारण उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद कार्यालय के कर्मचारी हड़ताल पर चले गए थे। सार की पत्नी रंजना प्रधान सार ने अपने पति के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एसडीओ के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। जिस पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।