बरसाती पानी से शहर जलमग्न
कूचबिहार : लगातार बारिश से दिनहाटा की तरह कूचबिहार शहर भी जलमग्न हो गया। रविवार को शहर के केशव रोड, राज राजेंद्र नारायण रोड, न्यू टाउन इलाके में घुटने तक पानी जमा हो गया। इससे रविवार को आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने नगरपालिका की निकासी व्यवस्था को इस संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कई लोगों ने कहा कि वर्षा ने शहर की निकासी व्यवस्था की कलई खोल कर रख दी है। वहीं, कूचबिहार नगरपालिका के चेयरमैन दीपक कुमार भट्टाचार्य ने कहा कि शहर की निकासी व्यवस्था पर्याप्त है। लगातार वर्षा के चलते ही यह समस्या है। लेकिन अब बारिश की रफ्तार कम होने से पानी कम हो रहा है। ज्ञात हो कि बीते शनिवार से लगातार 48 घंटे की बारिश से यह संकट शहरवासियों को झेलना पड़ रहा है। इससे नालों में जमा बरसाती पानी सड़कों पर पसर आया है। पालिका में विरोधी दल के नेता महानंद साहा का आरोप है कि इस बरसात ने निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है।