अंडाल में अवैध पानी कनेक्शन के खिलाफ आक्रोश
संस, अंडाल : अंडाल इलाके में पीएचई पाइपलाइन से अवैध ढंग से कनेक्शन लेनेवालों के खिलाफ ब्लॉक प्रशासन की ओर से थाना रोड इलाके में अभियान चलाया गया। इस दौरान तकरीबन दो दर्जन अवैध कनेक्शन को काटा गया। जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया। हालांकि कोई अभियान का विरोध नहीं कर पाया।
बताया जाता है कि अंडाल के रामप्रसादपुर एवं अंडाल पंचायत इलाके में पीएचई की ओर से पानी की सप्लाई होती है। हर इलाके में सड़क के किनारे नल लगाया गया है। जहां से लोग पानी लेकर घर में उपयोग कर सकते हैं। इन दो पंचायत इलाकों में तकरीबन पांच सौ लोग अवैध ढंग से नल में पाइप लगाकर घरों में ले गए हैं। कई लोग मोटर भी जोड़ देते हैं। जिससे नल में सही ढंग से पानी नहीं गिरने से आम जनता को पानी ठीक से नहीं मिलता है। इस तरह की शिकायत कई बार लोगों ने ब्लॉक प्रशासन से की थी। जिसके बाद यह अभियान गुरुवार से शुरू किया गया। पंचायत समिति के अध्यक्ष कालूवरण मंडल ने कहा कि लोगों को जरूरत पड़ने पर हमलोग नल और भी बढ़ा देंगे। परंतु किसी को पाइप में कनेक्शन जोड़कर घर के अंदर नहीं ले जाने दिया जाएगा। इससे आम जनता को परेशानी होती है। इस कारण अभियान में दो दर्जन कनेक्शन को हटाया गया। आनेवाले समय में भी यह अभियान चलाया जाएगा। मौके पर बीडीओ मानस पांडा, पंचायत प्रधान चिरंजीव राय के अलावा पुलिस जवान भी मौजूद थे।