सजगता से लगेगा साइबर क्राइम पर अंकुश
संवाद सहयोगी, बेनाचिति : दुर्गापुर के सिटी सेंटर स्थित सृजनी सभागार में निर्भय संस्था की ओर से साइबर क्राइम विषयक अलोचना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कोलकाता हाईकोर्ट के अधिवक्ता सह साइबर क्राइम विशेषज्ञ विभाष चटर्जी ने कहा कि देश में साइबर क्राइम तेजी से फैल रहा है। जिसकी शिकार अधिकांशत: महिलाएं हो रही है। साइबर क्राइम को लेकर पुलिस प्रशासनको सतर्क रहना जरूरी है।
कहा कि अपराध जगत के लोग साइबर क्राइम के जरिए बड़े अपराध करने में लगे हुए है। पूरी दुनिया के साथ-साथ भारत में भी साइबर क्राइम भयंकर रुप ले रहा है, जो दिन पर दिन प्रशासन के लिए सरदर्द बन चुका है। देश में 80 प्रतिशत भारतीय, जिनका उम्र 35 वर्ष के आसपास है, वे सोशल मीडिया से जुड़े हुए है। वे लोग फेक प्रोफाइल बनाकर ब्लैक मेल, ठगी के साथ-साथ अश्लीलता फैलाकर समाज को गंदा करने में लगे हुए है। जिसका नतीजा है कि आज के दौर में साइबर क्राइम भयंकर रूप ले लिया है। प्रशासन के निचले स्तर के अधिकारी को भी साइबर लॉ की जानकारी रखनी होगी। हमारे देश में साइबर क्राइम को रोकने के लिए कड़े कानून है। लेकिन उसे प्रभावी करने में समय लग रहा है। इस पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन को सजग रहना होगा। इस स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन को हर अपराध के कारणों की जांच में साइबर लॉ का भी इस्तेमाल करना होगा।
लोगों को भी अपने बच्चों पर ख्याल रखना होगा ताकि वे साइबर क्राइम से न जुड़े। संस्था द्वारा साइबर क्राइम रोकने के लिए किया जा रहा प्रयास सराहनीय है। दूसरे संगठनों को भी इस तरह के कार्य में दिलचस्पी लेनी चाहिए। कार्यक्रम मे विशेष रूप से एडीसीपी सुनील यादव, विधायक अपूर्व मुखर्जी, पूर्व मेयर रथिन राय समेत दुर्गापुर अदालत के न्यायाधीश, अधिवक्ता व पुलिस के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।