उत्तरकाशी में ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक मुख्यालयों में की तालाबंदी
जिले भर के ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक मुख्यालयों पर तालाबंदी कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
उत्तरकाशी, [जेएनएन]: जिले भर के ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक मुख्यालयों पर तालाबंदी कर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रधानों ने कहा कि क्षेत्र पंचायत की बैठक में प्रधानों को अपनी बात रखने, विरोध करने का पूरा अधिकार दिया जाए। साथ ही प्रधानों को कम से कम दस हजार रुपये मासिक वेतन भी मिले।
उत्तरकाशी के डुंडा ब्लाक में प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष गिरवीर परमार के नेतृत्व में प्रधानों ने खंड विकास अधिकारी के कार्यालय में तालाबंदी की। प्रदेश अध्यक्ष गिरवीर परमार ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानों की उपेक्षा कर रही है। पहले राज्य वित्त में कटौती की है, फिर बीडीसी की बैठकों में प्रधानों की भागीदारी ही खत्म कर दी है।
पढ़ें:-पाकिस्तान पर फूटा मुसलमानों का गुस्सा, मुंहतोड़ जवाब देने की मांग
इससे पूरे प्रदेश के प्रधानों में आक्रोश है। जिस कारण प्रधानों को तालाबंदी करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उत्तरकाशी के भटवाड़ी में प्रधान संगठन के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल रावत के नेतृत्व में प्रधानों ने धरना प्रदर्शन किया।
साथ ही प्रधानों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ब्लॉक मुख्यालय में तालाबंदी की। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष संजीता रावत, भागी देवी, सरिता देवी, दिनेश, विनोद सिंह, राज कुमारी, सावित्री देवी शामिल थे।
पुरोला में प्रधान संगठन के अध्यक्ष किशन सिंह रावत के नेतृत्व में प्रधानों बीडीओ कार्यालय में तालाबंदी की तथा जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर प्रधान लोकेन्द्र रतूड़ी, सकल चंद, राजबाला देवी, सुदामा प्रसाद, सिमानी देवी, जगत सिंह आदि मौजूद थे।
पढ़ें:-उत्तरकाशी में गरजी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, कलक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
नौगांव ब्लाक में प्रधान संगठन के अध्यक्ष नैन सिंह बर्तवाल के नेतृत्व में प्रधानों ने ब्लॉक कार्यालय में तालाबंदी की तथा प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष भागवत सेमवाल, अनिल कुमार, धमेन्द्र बिष्ट, चन्द्रमोहन बड़ोनी, सुनीता नौटियाल, उर्मिला देवी, दर्शनी देवी, विरेन्द्र कफोला, सोबत सिंह आदि मौजूद थे। मोरी व चिन्यालीसौड़ ब्लॉक में भी प्रधानों ने ब्लाक मुख्यालय पर तालाबंदी की तथा सीएम को ज्ञापन भेजा।
पढ़ें-नशे के विरोध में उक्रांद कार्यकर्ताओं ने दिया धरना