आग में झुलसी महिला की मौत, पति पर मुकदमा दर्ज
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: आग में गंभीर रूप से झुलसने के बाद बीते शुक्रवार महिला की मौत के मामले मे
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी: आग में गंभीर रूप से झुलसने के बाद बीते शुक्रवार महिला की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में महिला पर केरोसीन छिड़कर आग लगा दी थी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को देहरादून रेफर किया गया था, जहां बीते शुक्रवार उसकी मौत हो गई।
नौ अगस्त को ज्ञानसू क्षेत्र में सुरेश शाह ने शराब के नशे में पत्नी विनिता पर केरोसीन तेल छिड़क दिया था। लोगों ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार ने महिला के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज किए थे। 72 फीसद झुलसी महिला को 10 अगस्त को देहरादून रेफर किया। 10 अगस्त को ही पुलिस ने ज्ञानसू के जंगल से आरोपी सुरेश शाह को गिरफ्तार कर हत्या के प्रयास में जेल भेज दिया था। बीते शुक्रवार को गंभीर रूप से झुलसी महिला ने दम तोड़ दिया। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दिया है। कोतवाल महादेव उनियाल ने बताया कि मजिस्ट्रेटी बयान में विवाहिता ने पति पर केरोसीन छिड़ककर आग लगाने का आरोप लगाया था। आरोपी हर रोज शराब के नशे में में महिला से मारपीट करता था। नौ अगस्त को महिला ने पति को बेटे को मारने से रोका था। इस वजह से आरोपी ने महिला पर केरोसीन छिड़क दिया था।