पांच लाख से भी ज्यादा यात्री आएंगे गंगोत्री-यमुनोत्री
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : गंगोत्री यमुनोत्री धाम में महीनेभर में 80 हजार से भी ज्यादा यात्रियों ने द
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : गंगोत्री यमुनोत्री धाम में महीनेभर में 80 हजार से भी ज्यादा यात्रियों ने दर्शन किए। जिला प्रशासन का दावा है कि इस यात्रा सीजन में पांच लाख से भी ज्यादा श्रद्धालु गंगोत्री यमुनोत्री पहुंचेंगे।
गंगोत्री यमुनोत्री यात्रा के एक महीना पूरा होने पर गुरुवार को जिला सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी इंदुधर बौड़ाई ने कहा कि यह सीजन बीते सालों के मुकाबले बेहतर चल रहा है। बताया कि अब तक दोनों धामों में 80 हजार से भी ज्यादा यात्री दर्शन कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि बेहतर सीजन रहे 2010, 2011 और 2012 के मुकाबले हम 60 फीसद का लक्ष्य पा चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि अगले 10 दिनों के भीतर गंगोत्री धाम को 200 किलोवॉट का एक जनरेटर मिल जाएगा। इससे वहां रोशनी की व्यवस्था को सकेगी। इस दौरान गंगोत्री में भागीरथी नदी में खुलेआम कूड़ा डंप किए जाने की जानकारी पर जिलाधिकारी ने एसडीएम भटवाड़ी को निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि इस बार कोशिश रहेगी कि मानसून के दौरान भी यात्रा निर्बाध रूप से चले। बताया कि बरसात सीजन में धरासू से गंगोत्री तक 17 से 21 स्लाइड जोन का चिह्निकरण किया गया है। इन स्लाइड जोन पर जेसीबी, पॉकलैंड मशीन हर समय तैनात रहेगी। साथ ही उनके ड्राइवर , कर्मचारियों के नंबर बीआरओ की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे। इस दौरान जनपद मुख्यालय के प्रवेश द्वार के अलावा अन्य प्रमुख स्थलों पर नगर के सभी मंदिरों की जानकारी, उनका महत्व से संबंधित होर्डिग्स लगाए जाने के भी पर्यटन विभाग को निर्देश दिए। इस मौके पर एडीएम बीके मिश्रा, एसडीएम हरगिरी, डिप्टी कलक्टर प्रशिक्षु सौरव असवाल, मुक्ता मिश्रा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, पर्यटन अधिकारी केएस नेगी आदि मौजूद थे।