यमुनोत्री यात्रियों को झेलनी पड़ रही फजीहत
संवाद सूत्र, बड़कोट : यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ावों पर बने शौचालय यात्रियों के लिए फजीहत के सबब बने
संवाद सूत्र, बड़कोट : यमुनोत्री धाम के प्रमुख पड़ावों पर बने शौचालय यात्रियों के लिए फजीहत के सबब बने हुए हैं। लंबे समय से इन शौचालयों की ना तो सफाई हुई है ना ही मरम्मत। प्रमुख यात्रा पड़ाव स्याना चट्टी में तो शौचालय तक नहीं बनाए गए हैं।
यमुनोत्री धाम में इन दिनों यात्रा शुरू हो चुकी है। बड़ी संख्या में देशी विदेश तीर्थयात्री यमुनोत्री पहुंच रहे हैं। लेकिन, यात्रा पड़ावों पर यात्री सुविधाओं की स्थिति अब तक सुधारी नहीं जा सकी है। यात्रा पड़ावों पर बने सुलभ इंटरनेशनल के शौचालय प्रयोग करने लायक नहीं रह गए हैं। यमुनोत्री मार्ग पर बड़कोट से लेकर जानकीचट्टी तक कुल सात शौचालय बनाए गए हैं। हालांकि इसके बीच बीस से ज्यादा शौचालय बनाए जाने थे। प्रमुख यात्रा पड़ाव स्याना चट्टी में शौचालय नहीं बनाया गया है। लिहाजा यहां यात्री नहीं रुक रहे। इसका खामियाजा व्यवसायियों को उठाना पड़ रहा है। स्याना चट्टी में चेकपोस्ट भी है, ऐसे में यात्री कुछ देर अगर यहां रुकते भी हैं तो वे शौचालय ना मिलने से खासे परेशान होते हैं। बाकी अन्य शौचालयों में भी पानी की व्यवस्था ना होने से वे प्रयोग करने लायक नहीं रह गए हैं। ऐसे में यात्रियों को खुले में ही शौच करने को मजबूर होना पड़ रहा है। यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष पवन उनियाल बताते है कि सुलभ इंटरनेशनल को हाईटेक शौचालयों का निर्माण करना था, लेकिन वे बेहद लापरवाही से काम कर रहे हैं। सुलभ इंटरनेशनल के प्रभारी धर्मेद्र पांडेय ने बताया कि फिलहाल सात शौचालय बनाए गए हैं, हाईटेक शौचालय शीतकाल के दौरान बनाए जाएंगे। शीतकाल में जब इस क्षेत्र में निर्माण कार्य बेहद मुश्किल हो जाते हैं तो ऐसे में हाईटेक शौचालय कैसे बनेंगे। गौरतलब है कि सुलभ इंटरनेशनल की कार्यप्रणाली को लेकर जिलाधिकारी इंदुधर बौड़ाई भी इसे ब्लैक लिस्टेड करने की चेतावनी दे चुके हैं।