भट्ट ने उठाए यात्रा व्यवस्थाओं पर सवाल
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा व्यवस्था का जायजा लेने नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट गुरुवार क
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा व्यवस्था का जायजा लेने नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट गुरुवार को गंगोत्री धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सरकार की यात्रा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े किये। उन्होंने कहा कि गंगोत्री हाईवे की हालत दयनीय बनी हुई है। अन्य मूलभूत सुविधाएं भी धरातल पर नजर नहीं आ रही है।
बीते बुधवार को देर सांय उत्तरकाशी पहुंचने के बाद अजय भट्ट गुरुवार सुबह गंगोत्री धाम की ओर रवाना हुए। गंगोत्री जाते समय वह भटवाड़ी के भूस्खलन प्रभावितों से भी मिले। प्रभावितों ने उन्हें अपना दुखड़ा सुनाते हुए बताया कि वर्ष 2010 में हुए भूस्खलन से उनके आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए थे, तब से वह उत्तराखंड जल विद्युत निगम की कॉलोनी में रह रहे हैं। बार-बार माग करने पर भी सरकार ने अभी तक उनका पुनर्वास नहीं किया है। नेता प्रतिपक्ष ने इस पर अफसोस जताते हुए सदन में उनकी समस्याओं को उठाने की बात कही। गंगोत्री पहुंचकर उन्होंने गंगोरी गर्मपानी, लाल ढंाग, भटवाड़ी सहित अन्य स्थानों पर राजमार्ग की दयनीय हालत पर गंभीर चिंता व्यक्त की। सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई भूमि का भी प्रभावित परिवारों को मुआवजा नहीं मिला है। नेता प्रतिपक्ष ने अपने स्तर से मामले को सदन में उठाने की बात कही। यात्रा मार्ग की दुर्दशा पर उन्होंने प्रदेश सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि सरकार एक ओर चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित होने का जोरशोर से दावा कर रही है,जबकि स्थिति इसके ठीक विपरीत दिखाई दे रही है। गंगोत्री पहुंचने पर मंदिर परिसर में उनका स्वागत मंदिर समिति के अध्यक्ष भागेश्वर सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल व अन्य तीर्थ पुरोहितों ने किया। नेता प्रतिपक्ष के साथ पूर्व विधायक गोपाल सिंह रावत, चारधाम विकास परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सूरत राम नौटियाल, स्वराज विद्वान, गिरीश रमोला, नवीन पैन्यूली सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे।