कृषक महोत्सव रथ को किया रवाना
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : ग्यारह दिवसीय कृषक महोत्सव के लिए मंगलवार को रामलीला मैदान से कृषि रथ को ह
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी : ग्यारह दिवसीय कृषक महोत्सव के लिए मंगलवार को रामलीला मैदान से कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कृषक रथ जिले की 36 ग्राम पंचायतों में किसानों को खेती किसानी से जुड़ी तकनीक के बारे में जानकारी देने के साथ ही सरकारी योजनाओं का भी प्रचार प्रसार करेगा।
मंगलवार को रामलीला मैदान में कृषक महोत्सव रबी के आयोजन के लिए न्याय पंचायत स्तर पर जाने वाले कृषि रथ को मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंगलवार से शुरू हुआ कृषि महोत्सव न्याय पंचायतों में सात नवंबर तक आयोजित होगा। इस मौके पर मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जीएस रावत ने बताया कि कृषक महोत्सव का उद्देश्य किसानों को गांव में ही उन्नत तकनीक, कृषकों के हित के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देना है। मुख्य कृषि अधिकारी महिधर सिंह तोमर ने बताया कि जनपद की 36 न्याय पंचायतों के चयनित स्थलों पर कृषक गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें कृषि वैज्ञानिक किसानों को कृषि संबंधी उन्नत आधुनिक तकनीक के बारे में जानकारी देंगे। मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि विभाग की नई पहल के अनुसार 110 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए निशुल्क बीज उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए कुछ गावों का चयन किया जाएगा। इस मौके पर प्रगतिशील कृषक जगमोहन सिंह रावत, राजपाल, दलवीर सिंह चौहान, राज किरन, मदन सिंह राणा, कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. वीके सचान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष नत्थी लाल शाह, ब्लॉक प्रमुख भटवाड़ी चंदन सिंह पंवार, डुंडा कनकपाल परमार समेत अन्य मौजूद थे।