घर से शुरू हो महिलाओं के सम्मान की रीति
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी: निरंकारी मिशन की ओर से आयोजित विशाल महिला संत समागम में लोगों से महिलाओं का सम्मान परिवार से ही शुरू करने की अपील की गई। इस मौके पर परमात्मा की प्राप्ति को गुरु का मार्गदर्शन भी जरूरी बताया गया।
रविवार को रामलीला मैदान में संत निरंकारी मिशन की ओर से महिला संत समागम का आयोजन किया गया। इस मौके पर गुरु गद्दी पर बैठी चंबा से ज्ञान प्रचार इंदिरा नेगी ने कहा कि महिलाओं का सम्मान घर से ही शुरू होना चाहिए। उन्होंने सत्संग में आए लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों में खासकर लड़कों में महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना जगाएं। प्रवचन के दौरान इंदिरा नेगी ने कहा कि सतगुरु की महिमा से परमात्मा तक पहुंचना आसान हो जाता है।
उन्होंने कहा कि इन दिनों श्राद्ध में लोग सभी विधि विधानों से अपने पित्रों को तर्पण दे रहे हैं। जबकि, आमतौर पर जीवित रहते मात पिता को सम्मान तक नहीं दिया जाता है। उन्होंने कहा कि माता पिता की उपेक्षा करने से आप किसी भी पुण्य की अपेक्षा नहीं कर सकते। वहीं सत्संग में मिशन की गुरुमाता कुलवंत कौर को भी याद किया गया। गौरतलब है कि निरंकारी बाबा हरदेव सिंह महाराज की माता कुलवंत का बीते दिनों दिल्ली में निधन हो गया था। कार्यक्रम का संचालन सविंदर ने किया। इस मौके पर मंजू काला, अर्चना राणा, मिशन के जोनल इंचार्ज हरभजन सिंह, जिला संयोजक खिलानंद जोशी, ओम प्रकाश, गंगोत्री विधायक विजयपाल सिंह सजवाण, पूर्व विधायक गोपाल सिंह रावत समेत बड़ी संख्या में मिशन से जुड़े कई लोग मौजूद थे।