सीमांत इलाकों तक फर्राटा भरेंगे बाइकर्स
संवाद सहयोगी, उत्तरकाशी: भारत तिब्बत सीमा से सटे गैर आबाद नेलांग में 20 सितंबर से मोटर बाइकें फर्राटा भर रही होंगी। होटल एसोसिएशन और व्हेयर ईगल्स डेयर के संयुक्त प्रयासों से पहली बार जिले में मोटर बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है।
होटल एसोसिएशन और व्हेयर ईगल्स डेयर के संयुक्त प्रयास से उत्तरकाशी में पहली बार मोटर बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा। दिल्ली से शुरू होने वाली यह बाइक रैली भारत तिब्बत सीमा से सटे नेलांग तक जाएगी। 20 सितंबर से शुरू हो रही यह रैली गंगोत्री हाईवे से होते हुए सीमा तक पहुंचेगी। इस रैली का समापन 24 सितंबर को किया जाएगा। पहली बार इस तरह के किसी अभियान को सीमावर्ती इलाकों में जाने की अनुमति मिली है।
रैली के आयोजक होटल एसोसिएशन के सचिव शैलेंद्र मटूड़ा ने बताया कि जिले के अनछुए पर्यटन स्थलों को लोगों के बीच पहुंचाने के मकसद से इस रैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन और व्हेयर इगल डेयर के संयुक्त प्रयासों से अब तक पर्यटन के लिहाज से अछूते सीमावर्ती इलाके के पर्यटन स्थलों को प्रकाश में लाया जाएगा। व्हेयर ईगल्स डेयर के तिलक सोनी ने बताया कि लंबे समय से सीमावर्ती इलाकों को पर्यटन से जोड़ने के लिए इस तरह के योजना पर काम किया जा रहा था।
उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन की मदद से पहली बार प्राकृतिक नजारों से भरपूर सीमावर्ती इलाकों में पर्यटन आधारित गतिविधियां संचालित होंगी। इस बाइक रैली में 35 सदस्य हिस्सा लेंगे।