गंगोत्री 12 और यमुनोत्री हाईवे दस घंटे बाद खुला
उत्तरकाशी : रात भर हुई बारिश से गंगोत्री हाईवे एक बार फिर भूस्खलन से 12 घंटे तक बाधित रहा। वहीं यमुनोत्री हाईवे भी तीन जगहों पर दस घंटे तक बंद रहा। इसके चलते दोनों हाईवे पर विभिन्न जगहों पर घंटों तक सैकड़ों यात्री व स्थानीय लोग फंसे रहे।
मंगलवार रात एक बजे से गंगोत्री हाईवे लगातार तीसरे दिन नेताला, बड़ेथी व लालढांग व नलूणा में भूस्खलन से बंद रहा। नेताला को छोड़कर अन्य जगहों पर बीआरओ की मशीनों ने दस बजे तक सड़क खोल दी थी, लेकिन नेताला में दोपहर एक बजे आवाजाही लायक सड़क तैयार हो सकी। दूसरी ओर यमुनोत्री हाईवे खरादी, सिलाई बैंड व चामी के निकट भूस्खलन से बाधित रहा। तीनों जगहों पर लोनिवि राजमार्ग खंड ने दस बजे तक सड़क खोलकर आवाजाही शुरू करवाई। इस दौरान गंगोत्री हाईवे पर नेताला, भटवाड़ी, हिना तथा यमुनोत्री हाईवे पर खरादी, नौगांव व बड़कोट में यात्री सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।