Baba Tarsem Singh Murder: पूर्वी उत्तर प्रदेश में शूटर सर्वजीत सिंह की तलाश, गिरफ्तारी न होने पर जल्द होगी घर की कुर्की
Baba Tarsem Singh Murder इनामी शूटर सर्वजीत सिंह (सरबजीत सिंह) की अब पुलिस पूर्वी उत्तर प्रदेश में तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि बाइक सवार शूटरों ने नानकमत्ता में डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू और सर्वजीत सिंह (सरबजीत सिंह) की पहचान कर उन पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया था।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: Baba Tarsem Singh Murder: बाबा तरसेम सिंह की हत्या कर फरार एक लाख का इनामी शूटर सर्वजीत सिंह (सरबजीत सिंह) की अब पुलिस पूर्वी उत्तर प्रदेश में तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए जहां एक पुलिस टीम पूर्वी उत्तर प्रदेश भेज दी गई है।
वहीं एक टीम पंजाब को रवाना हो गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तारी न होने पर जल्द ही फरार शूटर के घर की कुर्की कर दी जाएगी।
एक लाख का इनाम घोषित
बाइक सवार शूटरों ने नानकमत्ता में डेरा कारसेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू और सर्वजीत सिंह (सरबजीत सिंह) की पहचान कर उन पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया था।
साथ ही हत्या के षड़यंत्र में शामिल और उन्हें राइफल उपलब्ध कराने वाले दिलबाग सिंह, अमनदीप सिंह उर्फ काला, हरमिंदर उर्फ पिंदी, बलकार सिंह, परगट सिंह, जसपाल सिंह भट्टी उर्फ मिंटू व सुखदेव सिंह उर्फ सोनू के साथ ही सुल्तान व सतनाम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शूटर अमरजीत सिंह उर्फ बिट्टू को हरिद्वार में पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया था।
बावजूद इसके शूटर सर्वजीत सिंह की गिरफ्तारी न हुई तो पुलिस ने उसके घर 82 का नोटिस भी चस्पा कर दिया था। इधर, पुलिस को फरार चल रहे शूटर सर्वजीत सिंह के संबंध में कुछ सुराग मिले है। जिसके बाद पुलिस की एक और टीम को जहां पंजाब के लिए रवाना कर दिया गया है।
वहीं पुलिस की एक टीम अब उसकी तलाश पूर्वी उत्तर प्रदेश में करेगी, जिसके लिए पुलिस टीम जा चुकी है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि शूटर सर्वजीत सिंह की तलाश चल रही है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ ही पंजाब के लिए दो टीम रवाना कर दी गई है।