पुलिस के उच्चाधिकारियों को सुसाइड नोट भेज की खुदकुशी
उधमसिंहनगर के नानकमत्ता में एक युवक ने पुलिस के उच्चाधिकारियों को सुसाइड नोट भेजा और फिर आत्महत्या कर ली। नोट में युवक ने पुलिस कर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था।
नानकमत्ता(ऊधमसिंह नगर), [जेएनएन]: हरियाणा व ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ पुलिस कर्मियों पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए एक युवक ने जहर खाकर खुदकशी कर ली। मरने से पहले उसने सुसाइड नोट पुलिस के उच्चाधिकारियों के नाम रजिस्टर्ड डाक से भेजा। जिसमें मौत के लिए एक दर्जन पुलिस कर्मियों के नाम का उल्लेख किया गया है। इस युवक को ग्यारह माह पूर्व हरियाणा पुलिस ने चोरी के एक मामले में कथित मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार भी किया था। इस मामले को युवक गिरफ्तारी को फर्जी बताता रहा। पुलिस की गोली लगने से युवक की टांग भी काटनी पड़ी थी।
नानकमत्ता के ग्राम कल्याणपुर निवासी गुरुराज सिंह उर्फ राजू पुत्र कुलवंत सिंह की सोमवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की मां ने दावा किया है कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया। इस बीच मंगलवार दोपहर बाद पुलिस को रजिस्टर्ड डाक से सुसाइड नोट भी मिला। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतक की मां सुखदेव कौर ने सुसाइड नोट के आधार पर संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तहरीर भी दी है। मृतक की मां के अनुसार वर्ष 2016 में गुरुराज नौकरी की तलाश में रेवाड़ी (हरियाणा) गया था। नौकरी नहीं मिलने पर जनवरी 2017 में वापस आकर फिर से पढ़ाई शुरू कर दी। इस बीच चार जनवरी को हरियाणा पुलिस के जवान, स्थानीय पुलिस के साथ उसके घर आ धमके। पुलिस कर्मियों ने गुरुराज पर चोरी का आरोप लगाते हुए घर में तोड़फोड़ कर दी।
पांच जनवरी को गुरुराज कुछ दोस्तों के साथ कार से घर आ रहा था। शक्तिफार्म रोड स्थित सिरसा फार्म जंगल के निकट हरियाणा पुलिस ने उसके पुत्र की टांग में गोली मार दी। जिसके बाद इलाज के दौरान हल्द्वानी एसटीएच में डॉक्टर ने उसके पुत्र की टांग काट दी। इधर हरियाणा पुलिस उसके बेटे को साथ ले गई। पुलिस ने उसे कार लूट में मामले में गिरफ्तार किया। रिहा होने के बाद इस मामले को युवक फर्जी बताते हुए दोनों राज्यों के पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखता रहा। ऊधमसिंहनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएल मधवाल ने कहा कि मृतक के खिलाफ हरियाणा में लूट का मामला दर्ज है। सुसाइड नोट मिलने के बाद जांच शुरू की गई है।
यह भी पढ़ें: हरिद्वार में दो ग्रामीणों ने की आत्महत्या, पेड़ से लटके मिले शव
यह भी पढ़ें: आर्मी स्कूल के संविदा शिक्षक का शव पेड़ पर लटका मिला
यह भी पढ़ें: पंखे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस जांच में जुटी