रैली से लौट रही बस का स्टेयरिंग फेल, दो घायल
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की रैली से गदरपुर लौट रही बस का स्टेयरिंग फेल हो
संवाद सहयोगी, रुद्रपुर : हल्द्वानी में आयोजित भाजपा की रैली से गदरपुर लौट रही बस का स्टेयरिंग फेल हो गया। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। मोड़ पर चालक ने बस को पेड़ से टकरा दिया। हादसे में बस में सवार दो लोग घायल हो गए। घायलों को गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
गदरपुर के विधायक अरविंद पांडे के साथ कार्यकर्ता बसों में सवार होकर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की हल्द्वानी में आयोजित रैली में गए थे। बुधवार शाम रैली के बाद कार्यकर्ता बस से लौट रहे थे। संजय वन के पास बस का स्टेयरिंग ही फेल हो गया। चालक को इसका आभास हुआ तो उसने सूझबूझ के साथ बस को नियंत्रित कर लिया। बस सामने पेड़ से जा टकराई। हादसे में बस में सवार नोनीराम पुत्र शोभाराम व इनेरमा पत्नी महेश राम निवासी चकरपुर, गदरपुर घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना पर बस के आगे चल रहे विधायक पांडे तुरंत ही वापस लौटे और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों घायलों का अस्पताल में एक्सरे कराया गया। दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। दोनों के उपचार होने तक विधायक अरविंद पांडे अस्पताल में मौजूद रहे। उसके बाद दोनों को वाहन बुलवा उनके घर भिजवाया।