-रामलीला-बाजार बंदी रही बेअसर
जागरण संवाददाता, सितारगंज : प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में व्यापारिय
जागरण संवाददाता, सितारगंज : प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में व्यापारियों का बाजार बंदी का एलान बेअसर रहा। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी सुबह बाजार बंद करने के लिए तो देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के लोग खुलवाने में जुट गए। इस पर दोनों पक्षों में नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।
मालूम हो कि बीती 20 जुलाई को रामलीला कमेटी के चुनाव में अध्यक्ष पद के दो उम्मीदवारों के बीच मारपीट व फाय¨रग हो गई थी। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था। मंगलवार को पुलिस ने प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष व रामलीला कमेटी कार्यवाहक अध्यक्ष संजय गोयल समेत तीन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस पर व्यापारी सड़क पर उतर आए और जुलूस व प्रदर्शन कर एएसपी को ज्ञापन सौंपा। अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में उन्होंने बुधवार को बाजार बंदी का एलान किया था। सुबह करीब दस बजे दुकानें खुलनी शुरू हुई तो कुछ व्यापारी बाजार पहुंचकर इन्हें बंद कराने लगे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग व्यापारियों से बाजार खोलने को कहने लगे। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के लोग रिक्शे पर बैठ मुनादी करने लगे तो देवभूमि संगठन से जुड़े कुछ व्यापारियों ने उन्हें रोक कर वापस जाने को कह दिया। इस पर दोनों पक्षों में नोकझोंक होने लगी।
प्रभारी कोतवाल प्रदीप राणा पुलिस बल के साथ वहां पहुंच गए और बीच बचाव कर मामले को शांत करा दिया। बाद में सीओ पीएस पांगती व प्रभारी कोतवाल राणा के नेतृत्व में पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च कर व्यापारियों को अपनी इच्छानुसार दुकानें खोलने या बंद रखने का निर्णय लेने को कहा। करीब एक घंटे के बाद धीरे-धीरे सभी दुकानों के शटर उठने लगे।
वर्जन
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल की तरफ से बाजार बंद नहीं किया गया, न ही ऐसा करने वालों का साथ दिया। संजय गोयल रामलीला विवाद में गिरफ्तार हुए हैं, उनका व्यापारियों से कोई विवाद नहीं है, जिसकी वजह से बाजार बंद हो। जिलाध्यक्ष ने भी यही बात कही है। - राजीव गुप्ता, महामंत्री, प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल
इन्सेट
अराजकता फैलाने वाले हों गिरफ्तार
देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष नीटू तनेजा ने एक बैठक में रामलीला कमेटी में गोलीबारी कर अराजकता फैलाने वालों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। रामलीला गोलीकांड में व्यापारी घायल हुआ है। अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद का आह्वान किया जाएगा। इस दौरान जिला सचिव जोगा सिंह, महामंत्री नरेंद्र नत्थू गोयल, पंकज भारद्वाज, राजकुमार, सौरभ अरोरा, संदीप गुप्ता, जसवीर सिंह, विनय गुप्ता, अजय भारद्वाज, संजय सक्सेना आदि मौजूद रहे।