हाथियों ने दस एकड़ फसल की नष्ट
खटीमा : सीमांत क्षेत्र में हाथियों ने किसानों की नाक में दम करके रखा है। सिसैया, मेलाघाट, खिलडि़या क
खटीमा : सीमांत क्षेत्र में हाथियों ने किसानों की नाक में दम करके रखा है। सिसैया, मेलाघाट, खिलडि़या के बाद लोहियाहेड में हाथियों ने गेहूं की दस एकड़ से अधिक फसल को नष्ट कर डाला।
हाथियों से फसलों की सुरक्षा के लिए किसान वन विभाग से मांग कर रहे हैं। परेशान किसानों का कहना है कि जंगलों के समीप उनके खेत हैं। जहां हाथी रात में झुंड के साथ पहुंच रहे हैं। हो हल्ला करने के बाद भी भाग नहीं रहे। उल्टा हाथी उनके कच्चे घरों को तोड़ रहे हैं। लोहियाहेड नहर पार के रहने वाले जीत राम, डूंगर राम, महेंद्र, बसू कापड़ी ने बताया कि गुरुवार की रात को हाथियों ने उनकी दस एकड़ फसल को बर्बाद कर दिया है। इससे वह भूखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे। नुकसान की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी व नवीन जोशी शुक्रवार को लोहियाहेड पहुंचे। जहां ग्रामीणों से नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा दिलाने का भरोसा दिलाया है। कहा, हाथियों के खेतों में न पहुंचने के लिए जंगलों के किनारे खाई खोदने के प्रस्ताव को वन विभाग के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए वे जिलाधिकारी से मांग करेंगे। वहीं चकरपुर के वनराजी बस्ती में भी हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। साथ ही खीम सिंह का झाला भी तोड़ दिया। पूर्व बीडीसी सदस्य हिमांशु बिष्ट व भाजपा नेता राकेश बिष्ट ने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है।