ट्रैक्टर गिरवी रख जुए में हारा रकम
बाजपुर : दस दिन पूर्व ट्रैक्टर-ट्राली समेत गायब युवक को पुलिस ने एक सरिया फैक्ट्री में काम करते हुए
बाजपुर : दस दिन पूर्व ट्रैक्टर-ट्राली समेत गायब युवक को पुलिस ने एक सरिया फैक्ट्री में काम करते हुए बरामद कर लिया है। उसे कुछ देर कोतवाली में बैठाने के बाद हिदायत देकर छोड़ दिया। युवक के परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति पर उसे बंधक बनाने का आरोप लगाया था। तब से पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी थी।
ज्ञात हो कि 17 जनवरी को दोपहर बाद ग्राम नंदरपुर नरकाटोपा निवासी जितेंद्र यादव उर्फ बंटी बिना बताए ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 19 को पता चला कि उसका वाहन मलंगो का मझरा स्वार रामपुर में देखा गया है। जिसे 21 जनवरी को परिजन एक लाख 17 हजार रुपये देकर छुड़ा लाए थे। बुधवार की सायं बंटी ने परिवार के ही एक सदस्य को कॉल कर खुद को साथियों के साथ बंधक होने की बात कही थी। इस पर मां प्रेमवती ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया। पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इस बीच पता चला कि बंटी पिपलिया क्षेत्र में स्थापित एक सरिया फैक्ट्री में काम कर रहा है। पुलिस वहां पहुंच गई और उसे बरामद कर लिया। बंटी की मानें तो अपने दो अन्य साथियों के कहने में आकर ट्रैक्टर गिरवी रख जुए में रकम लगा दी थी, लेकिन वह सारे पैसे हार गया। वह एक बार नेपाल भी गया। पैसे हारने के बाद उसके दोस्तों ने उसे बस में बैठा दिया और वह दिल्ली पहुंच गया। जहां दो दिन रुकने के बाद वह पिपलिया स्थित सरिया फैक्ट्री में रह रहे पहचाने वाले व्यक्ति के पास पहुंच गया था। बताया जाता है कि उस पर करीब छह लाख का कर्ज हो गया था। उसे उतारने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली गिरवी रख उसने जुआ खेला, लेकिन वह दल-दल में फंसता चला गया।