अब पुरुष कर्मचारी का आया स्थानांतरण आदेश
संवाद सूत्र, कंडीसौड़: थौलधार विकासखंड के राइंका मैंडखाल व राइंका छाम में अलग-अलग दो महिला चतुर्थ कर्
संवाद सूत्र, कंडीसौड़: थौलधार विकासखंड के राइंका मैंडखाल व राइंका छाम में अलग-अलग दो महिला चतुर्थ कर्मियों के फर्जी स्थानांतरण मिलने के बाद अब एक पुरुष कर्मचारी का भी फर्जी स्थानांतरण आदेश मिलने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
थौलधार विकास खंड के राइंका मैंडखाल व राइंका छाम में दो महिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के फर्जी स्थानांतरण आदेश बीते सोमवार को विद्यालयों के प्रधानाचार्य को मिले थे। इन दोनों आदेशों के फर्जी होने की पुष्टि हुई थी। मुख्य शिक्षा कार्यालय से इस तरह के किसी भी आदेश को न देने की बात कही थी। अब कांडीखाल के राइंका में भी एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी स्थानांतरण आदेश मिला है। तीनों फर्जी स्थानांतरण आदेश हाथ से लिखे गए हैं। वहीं बाकायदा इन आदेशों में पत्रांक संख्या भी डाली गई है। इस मामले में दोनों महिला कर्मचारियों ने भी विभाग से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। वहीं मुख्य शिक्षा अधिकारी दिनेश चंद्र गौड़ ने इस मामले में जांच के आदेश दिए हैं, लेकिन अभी शिक्षा विभाग ने जांच शुरू नहीं की है।
क्या है मंशा
तीन फर्जी स्थानांतरण आदेश आने के बाद विद्यालय कर्मचारियों से लेकर शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा है। कोई भी समझ नहीं पा रहा है कि आखिर फर्जी स्थानांतरण आदेश भेजने के पीछे किसी की क्या मंशा हो सकती है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर कई तरह की कयासबाजी की जा रही है। हालांकि पूरी जानकारी जांच के बाद ही सामने आ पाएगी।