पदम व रेशमा के गीतों की रही धूम
संवाद सहयोगी, चम्बा : शहीद वीसी गबर सिंह नेगी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोकगायक पदम गुंसाई और
संवाद सहयोगी, चम्बा : शहीद वीसी गबर सिंह नेगी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या लोकगायक पदम गुंसाई और रेशमा शाह के नाम रही। उनके गीतों पर लोग खूब झूमे। इसके अलावा प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद ने दर्शकों को हंसाकर लोटपोट भी किया।
प्रखंड के श्रीदेव सुमन इंटर कॉलेज चम्बा में चल रहे शहीद वीसी गबर सिंह मेले में बुधवार देर रात तक चली सांस्कृतिक संध्या संस्कृति विभाग की टीम के प्रसिद्ध लोकगायक पदम गुसाई और रेशमा शाह के नाम रही। कार्यक्रम की शुरुआत गढ़ वंदना व देवस्तुति के साथ हुई। इसके बाद पदम गुंसाई ने 'रौंत्यालू गढ़वाल हमारू', 'अब क्वी भलू मानू या बुरू', 'बेडू पाको बारो मासा' आदि कई गीत प्रस्तुत कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। इसके अलावा रेशमा शाह ने 'पाणी रे टांकी, चांदना की चौक', 'अफू तैं सजाई मां' आदि गढ़वाली व जौनसारी गीत प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। रवि गुंसाई ने 'वीर गबर सिंह तुम छै: महान' आदि गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर कई लोकनृत्य भी प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा रेणू बाला, कुशला उनियाल, पूजा जोशी, विकास चमोली की प्रस्तुति भी सराहनीय रही। वहीं दूसरी ओर प्रसिद्ध हास्य कलाकार घनानंद ने अपने चुटकुलों से लोगों को खूब हंसाया। उन्होंने आपदा के मुद्दे पर भी लोगों को हंसाया और सरकार की व्यवस्था पर भी खूब तंज कसे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख आनंदी नेगी, पूर्व प्रमुख खेम सिंह चौहान, मेला समिति के अध्यक्ष इन्द्र सिंह नेगी, प्रधान महावीर सिंह नेगी, राड्स अध्यक्ष सुशील बहुगुणा, सभासद शक्ति जोशी, संजय बहुगुणा, गौरव डोभाल, शिवप्रसाद उनियाल, एसएस तोपवाल, रमेश रावत, संदीप नेगी, विपिन नेगी आदि मौजूद थे।
कवियों की प्रस्तुति रही सराहनीय
वीसी गबर सिंह मेले में आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों ने एक ओर प्रकृति का वर्णन किया तो वहीं हास्य और व्यंग्य पर कविताएं प्रस्तुत कर श्रोताओं का मनोरंजन किया। इस मौके पर वरिष्ठ कवि व साहित्यकार फते सिंह रावत, सोमवारी लाल सकलानी निशांत, डॉ. अंबरीश चमोली, देव सिंह जड़धारी, गौरव डोभाल, यशपाल सजवाण, विपिन नेगी, आशीष सजवाण आदि ने एक से एक कविताएं प्रस्तुत कर लोगों का मनोरजंन किया।
छात्रों ने दी शानदार प्रस्तुति
वीसी गबर सिंह मेले में बड़े कलाकारों के अलावा स्कूली बच्चों के कार्यक्रम भी शानदार रहे। कार्मल स्कूल चंबा के बच्चों का बैड डिस्पले व नृत्य नाटिका, सरस्वती विद्या मंदिर का गीत नृत्य, चिल्ड्रन अकेडमी, ज्ञानदीप अकेडमी और राइंका चम्बा के छात्रों के गीतों ने खूब समा बांधा। बच्चों की प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा। इस मौके पर मेले में लगाए गए स्टॉलों पर भी खूब भीड़ उमड़ी।