सरकार के खिलाफ आंदोलन
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जल
जागरण संवाददाता, नई टिहरी: भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ जल्द ही बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा पीडि़त अब तक कराह रहे हैं और कांग्रेसी दिल्ली में सत्याग्रह करने जा रहे हैं। कांग्रेस के इस कदम की भाजपा कड़ी निंदा करती है। कांग्रेस सरकार की नाकामी को भाजपा जल्द ही जनता के बीच लेकर जाएगी। राज्य सरकार के खिलाफ जल्द ही श्वेतपत्र भी जारी किया जाएगा।
प्रदेश कार्यसमिति के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि कार्यसमिति की बैठक में कई नए सुझाव आए, जिनसे पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि बैठक में सरकार की अक्षमता पर मंथन किया गया। साथ ही, सरकार की नाकामी को जनता के बीच ले जाने की ठोस रणनीति तैयार की गई है। इसके लिए बाकायदा आंदोलन समिति भी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को गुमराह कर रही है, मगर भाजपा उसके मंसूबे कामयाब नहीं होने देगी।
आपदा के लिए केंद्र से मिले बजट की खुलेआम बंदरबांट की गई। इसके खिलाफ जल्द ही आंदोलन किया जाएगा। सदस्यता महाअभियान योजनाबद्ध तरीके से चल रहा है। भाजपा हर बूथ तक पहुंचेगी, इसकी योजना तैयार कर ली गई है। जाजू ने कहा कि केंद्र सरकार को उसकी उपलब्धियों के लिए 12 बिंदुओं पर आभार ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण, मीरा सकलानी, रागिनी भट्ट, बेबी असवाल, डा. स्वराज विद्वान आदि मौजूद थे।