त्रिशक्ति कालीशिला कालीमाई मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू
संवाद सूत्र, गुप्तकाशी : गुप्तकाशी के कोठियाल गांव में स्थित त्रिशक्ति कालीशिला कालीमाई मंदिर में नौ
संवाद सूत्र, गुप्तकाशी : गुप्तकाशी के कोठियाल गांव में स्थित त्रिशक्ति कालीशिला कालीमाई मंदिर में नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत, श्रीमद्देवी भागवत व शिव महापुराण कथा का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया है। प्रतिदिन सात ब्राह्मण पूजा सम्पन्न करने के साथ साथ यज्ञ में आहुतियां भी डालेंगे।
त्रिशक्ति कालीशिला कालीमाई मंदिर समिति कोठियाल के तत्वावधान में नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ भक्तों ने कलश यात्रा के साथ किया। जल कलश यात्रा विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी से निकाली गई। प्रथम दिन ब्राह्मणों ने गणेश पूजा, रुद्री पाठ, दुर्गा पूजा, व्यास पूजा समेत कई पूजा सम्पन्न की। साथ ही यज्ञ में सैकड़ों आहुतियां भी डाली गई। यह कार्यक्रम प्रतिदिन चलता रहेगा। श्रीमद्भागवत कथा के व्यास आचार्य चन्द्र वल्लभ सेमवाल ने कहा कि भगवान की कथा के श्रवण मात्र से ही पूर्व जन्म के साथ-साथ इस जन्म में मनुष्य को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसलिए अधिक से भक्तों को कथा श्रवण को पहुंचना चाहिए। श्रीमद्देवी भागवत कथा के व्यास आचार्य सतीश चन्द्र देवशाली ने नव दुर्गाओं के आह्वान के साथ ही कथा का शुभारंभ किया। शिव महापुराण कथा के कथावाचक आचार्य दिनेश चन्द्र भट्ट ने भोलेनाथ से विश्व कल्याण की कामना करते हुए इस कथा का शुभारंभ किया। समिति के संरक्षक कुंवर सिंह राणा व अध्यक्ष कमल रावत ने बताया कि क्षेत्र की खुशहाली व विश्व कल्याण के लिए इस प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान समिति समय-समय पर आयोजित करती है। उन्होंने कथा श्रवण के लिए अधिक से अधिक भक्तों से यहां पहुंचने की अपील की है। बताया कि छह नवम्बर को पूर्णाहुति के साथ कथा का समापन किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित थे।