धूमधाम से मनाई गई गुरु पूर्णिमा
संवाद सूत्र, गुप्तकाशी : गुरु पूर्णिमा का पर्व बडे़ धूमधाम से मनाया गया। डॉ. जैक्सवीन नेशनल स्कूल गुप्तकाशी में छात्रों ने महर्षि वेदव्यास के जीवन पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर उनके जीवन पर प्रकाश डाला। छात्रों ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अगस्त्य संगीतालय के अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद गोस्वामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतवर्ष ही नहीं बल्कि विश्व के सर्वश्रेष्ठ वेदों व महाभारत के रचनाकार महर्षि वेदव्यास के जन्म दिवस पर मनाया जाने वाला गुरु पूर्णिमा पर्व भारतीयों के लिए एक आदर्श दिवस है। इन ग्रन्थों में जीवन जीने की कला के साथ ही वर्तमान के वैज्ञानिक तथ्य भी छिपे हैं। हमें इन पवित्र ग्रन्थों में वर्णित बातों का अनुश्रवण करना चाहिए। इससे भविष्य में घटने वाली व्याधियों से बचा जा सके। जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी के प्रबंधक मनोज बेंजवाल ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि पौराणिक समय से ही गुरु ही मनुष्य मात्र के जीवन के उद्धार हेतु मुख्य भूमिका निभाते हैं। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किस प्रकार भगवान गणेश के आशीर्वाद से महर्षि वेदव्यास ने महाभारत व वेदों की रचना की। इस पर नाटक प्रस्तुत कर छात्रों ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन एलएस राणा, उप प्रधानाचार्य रामकृष्ण गोस्वामी, विनोद गैरोला, भगत सिंह नेगी, सुरजीत बिष्ट, रघुवीर सिंह समेत छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।