बढ़ता ही जा रहा बिजली कनेक्शन का इंतजार
संवाद सूत्र तिलवाड़ा: दो वर्ष पूर्व धरोहर राशि जमा करने के बाद भी अगस्त्यमुनि विकासखंड का प्राथमिक व
संवाद सूत्र तिलवाड़ा: दो वर्ष पूर्व धरोहर राशि जमा करने के बाद भी अगस्त्यमुनि विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय गीड़ भूतेर बिजली कनेक्शन से नहीं जुड़ पाया है। ऊर्जा निगम इसका ठीकरा ठेकेदार पर फोड़ रहा है। इन सब का खामियाजा विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है।
अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सरकारी संस्थाएं कितनी सजग हैं, इसका जीता जागता उदाहरण अगस्त्यमुनि विकासखंड का प्राथमिक विद्यालय गीड़ भूतेर है। वर्तमान समय में विद्यालय में 27 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में विद्युत व्यवस्था के लिए वर्ष 2012 में शिक्षा विभाग की ओर से तीन हजार की धरोहर धनराशि ऊर्जा निगम में जमा होने के बाद भी विद्यालय में बिजली नहीं पहुंची है। इसकी वजह से विद्यालय में पढ़ रहे छोटे बच्चों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर बिजली न होने से गर्मी के दिनों में बच्चे गर्मी से परेशान रहते हैं। वहीं, कंप्यूटर जैसी आधुनिक शिक्षा का भी लाभ छात्रों को नहीं मिल पा रहा है। निगम इस मामले में लीपापोती करने में जुटा हुआ है।
विद्यालय में विद्युतीकरण को लेकर धनराशि जमा करवा दी गई है। लेकिन, कार्य शुरू नहीं हो पाया है। कई बार ऊर्जा निगम को लिखा गया है। विभाग लगातार निगम के अधिकारियों के साथ पत्राचार कर रहा है।
केएल रडवाल, खंड शिक्षा अधिकारी, अगस्त्युनि
ठेकेदार काम नहीं कर पा रहा है। इसके लिए उन्हें नोटिस भी जारी किया किया है। अभी और विद्यालयों का भी विद्युतीकरण किया जाना है। इसे शीघ्र शुरू कर दिया जाएगा।
विरेन्द्र सिंह पंवार, प्रभारी अधिशासी अभियंता, ऊर्जा निगम, रुद्रप्रयाग
विद्यालय में विद्युतीकरण को लेकर कई बार ऊर्जा निगम के अधिकारियों को पत्राचार करने के साथ ही मौखिक में अवगत कराया गया है। लेकिन, अभी तक कुछ नहीं हो पाया है।
पुरुषोत्तम पुरी, प्रधान, गीड़ भूतेर