बारिश होते ही नगर में गंदे पानी की आपूर्ति शुरू
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: बरसात होते ही नगर में गंदे पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। सोमवार को नगर म
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: बरसात होते ही नगर में गंदे पानी की आपूर्ति शुरू हो गई है। सोमवार को नगर में गंदे पानी की आपूर्ति होने से नगर वासियों को यही पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं सोमवार को गंदा पानी आने से कुछ स्थानों पर नियमित चलने वाले पानी की आपूर्ति भी दिनभर ठप रही। जिससे राहगीरों के साथ ही यात्रियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ी।
नगर पालिका रुद्रप्रयाग में नौ वार्ड हैं। जल संस्थान ने सभी वार्ड के लिए पेयजल की आपूर्ति के लिए अलग-अलग टैंकों की व्यवस्था कर रखी है। नगर में सुबह व शाम को दो टाइम पानी की आपूर्ति होती है। कुछ स्थानों जैसे स्टैंड पोस्ट, कुछ विभागों एवं अन्य स्थानों पर दिनभर पानी की आपूर्ति संस्थान की ओर से की जाती है। गत रविवार को जिले में जोरदार बारिश होने से पुनाड़ गदेरे के ऊपर स्रोत से टैंकों में गंदा पानी भर गया। जिससे सुबह पानी की सप्लाई होने के बाद घरों में नलों से गंदा पानी आया। संस्थान की फिल्ट्रेशन व्यवस्था सही न होने से इसका खामियाजा नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है। जिससे नगर वासियों को मजबूरन गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है। शहर में गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायत मिलने पर संस्थान ने दिनभर चलने वाली आपूर्ति को भी बंद कर दिया। नगरवासी प्रकाश कप्रवान, राजेश सेमवाल, पीतांबरी देवी, संगीता देवी समेत कई लोगों कहना है कि सोमवार को नलों से गंदे पानी की आपूर्ति हुई। जो कतई पीने लायक नहीं हैं।
वहीं जल संस्थान के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता का कहना है कि पानी के साथ मिट्टी अधिक होने से पानी सही तरीके से फिल्टर नहीं हो पा रहा है। जिससे पानी गंदा ही टैंक में भरने से ही शहर में गंदे पानी की आपूर्ति हुई। नगरवासियों को साफ व स्वच्छ पानी पिलाने के लिए जल संस्थान प्रयासरत है।