निशुल्क होगी यात्रियों के खाने ठहरने की व्यवस्था
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर इस बार भी गत वर्ष की भांति यात्रियों के लिए
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर इस बार भी गत वर्ष की भांति यात्रियों के लिए रहने व खाने की व्यवस्था निशुल्क की जाएगी। गत वर्ष की तुलना में इस बार तीन गुना अधिक यात्रियों के आने की उम्मीद प्रशासन कर रहा है। इन सभी के रहने व खाने की व्यवस्था के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं इस बार यात्रियों समेत अधिकारी व कर्मचारी प्रीफेब्रिकेट हटों में ही बसेरा करेंगे।
केदारनाथ यात्रा में आपदा के बाद भारी बदलाव आ गया है। पहले यात्रा में स्थानीय लोगों की ही महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। पैदल मार्ग के साथ ही केदारनाथ व गौरीकुंड में पूरी तरह यात्रियों के रहने व खाने की व्यवस्था स्थानीय लोगों के हवाले रहती थी, लेकिन आपदा में मची तबाही के बाद परिस्थितियां बदल गई हैं। प्रशासन ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर सभी यात्रियों के लिए व्यवस्थाएं अपने हाथ में ले ली हैं। स्थानीय लोगों की भूमिका शून्य हो गई हैं। हालांकि इस बार स्थानीय युवाओं को रोजगार देकर गढ़वाल मंडल विकास निगम के तहत कार्य कराने की योजना सरकार ने बनाई हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर जलपान, रहने व खाने की व्यवस्था के लिए विभिन्न केंद्र बनाए जा रहे हैं। यहां पर जीएमवीएन बाबा के दर्शन करने वालों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराएगा। रहने के लिए प्रीफेब्रिकेट हट बनाई जा रही हैं। अभी केदारनाथ में 125 हट का निर्माण किया जा रहा है, जबकि इसके अलावा टेंट भी लगाए जाएंगे। इन सभी में यात्रियों को ठहराया जाएगा। केदारनाथ में सुरक्षित कुछ भवनों पर गत वर्ष पुलिस व प्रशासन के अधिकारी रहे थे, लेकिन इस बार प्रशासन इन सभी भवनों में किसी भी न ठहराने का मन बना रहा है।
यहां होगी यात्रियों के रहने की व्यवस्था
भीमबली, छोटा लिनचोली, बड़ा लिनचोली व केदारनाथ
यहां होगी जलपान व भोजन की व्यवस्था
घिनुरपाणी, जंगलचट्टी, भीमबली, छोटा व बड़ा लिनचोली, केदारनाथ
-----------------------
यात्रियों के रहने व भोजन के लिए गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त कर दी जाएंगी।
डॉ. राघव लंगर, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग।