आपदा राशि में गड़बड़ी भाजपाइयों का प्रदर्शन
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ रावत के आपदा पीड़ित मृतक व्यापारी ओमप्रकाश के घर
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तीरथ रावत के आपदा पीड़ित मृतक व्यापारी ओमप्रकाश के घर सांत्वना देने पहुंचने के बाद जिले की सोया भाजपा संगठन जाग गया है, गत दिवस आपदा राहत कार्यो में धांधली को लेकर अगस्तमुनि में प्रदर्शन के बाद शनिवार को जिला मुख्यालय में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
शनिवार देर शाम भाजपा कार्यकर्ता नए बस स्टेंड पर एकत्रित हुए यहां से उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए जोरदार नारेबाजी शुरू की। इसके पश्चात वे मुख्य बाजार स्थित हनुमान चौक पहुंचे, जहां पर उन्होंने फिर से नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपाइयों का कहना था कि गत वर्ष जून माह में हाई दैवीय आपदा में केदारघाटी में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ था। कुछ लोगों ने फर्जी तरीके से मुआवजा लिया। मुआवजे की बंदरबांट से अपात्र लोगों को मुआवजा दे दिया। जबकि पात्र लोग इस राहत राशि से वंचित रह गए। आपदा से हुए नुकसान की भरपाई न होने से पीड़ित व्यापारी अब आत्महत्या करने लगे है। उन्होंने सरकार से इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में भाजपा जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण, भाजयुमो नगर अध्यक्ष सुरेन्द्र रावत, सुनील नौटियाल, राजेश सेमवाल, रणजीत पंवार, देशराज डुडेजा, केश्वा नौटियाल, जेएन चमोली समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।