केदारनाथ यात्रा पांच दिन बाद फिर शुरू
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग की मरम्मत पूरी होने पर केदारनाथ यात्रा शुक्रवार से फिर शुरू हो गई है। यात्रा शुरू होने के पहले दिन 245 यात्री सोनप्रयाग से केदारनाथ के लिए रवाना हुए। उधर, शुक्रवार शाम हुई जोरदार बारिश के बाद चमोली में बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ के समीप भूस्खलन के कारण बाधित हो गया।
पिछली सात सितंबर को गौरीकुंड से आगे छोड़ी गदेरे में पैदल मार्ग क्षतिग्रस्त होने पर प्रशासन ने केदारनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया था। लोनिवि के पैदल मार्ग को ठीक करने के बाद शुक्रवार से प्रशासन ने यात्रियों को सोनप्रयाग से आगे जाने पर लगाई गई रोक हटा दी। शुक्रवार सुबह सोनप्रयाग से 245 तीर्थयात्री केदारनाथ के लिए रवाना हुए। इन यात्रियों के साथ दस एनडीआरएफ के जवान भी चले। यात्रा में 90 घोड़े खच्चर भी केदारनाथ के लिए रवाना हुए। जिलाधिकारी डॉ. राघव लंगर ने बताया कि पैदल मार्ग जो क्षतिग्रस्त हुआ था, उसे ठीक किया जा चुका है। यात्रियों की सुरक्षा का प्रशासन पूरा ध्यान केंद्रित किए हुए है। वहीं शुक्रवार शाम को बदरीनाथ हाईवे भूस्खलन के कारण बाधित हो गया। एहतियात के तौर पर जोशीमठ से बदरीनाथ जाने वाले वाहनों को वापस जोशीमठ भेज दिया गया है। बीआरओ के ओसी राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि जैसे ही बारिश थमेगी हाईवे को यातायात के लिए सुचारु कर दिया जाएगा।