गांवों में शराब पहुंची, विकास कोसों दूर
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : हिमालयन यूनिटी मिशन (हम) की गांव बचाओ यात्रा पिथौरागढ़ पहुंची। गांधी चौ
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़ : हिमालयन यूनिटी मिशन (हम) की गांव बचाओ यात्रा पिथौरागढ़ पहुंची। गांधी चौक पर हुई सभा में पद्मश्री डॉ. अनिल जोशी ने कहा कि गांवों में शराब और अपराध तो पहुंचे, लेकिन विकास आज भी कोसों दूर है। अब जनप्रतिनिधियों से सवाल पूछने का वक्त आ गया है।
डॉ. जोशी ने कहा कि अब तक के अनुभव बताते हैं कि किसी भी जनप्रतिनिधि को गांवों की चिंता नहीं है। गांव खाली हो रहे हैं। पहाड़ का युवा रोजगार की तलाश में पलायन कर रहा है। शराब, भूमि और खनन माफिया सब जगह हावी हैं। राज्य बनने के सोलह वर्षों के बाद भी गांव का विकास राजनीतिक दलों के एजेंडे में कभी शामिल नहीं रहा। राज्य बनने के बाद पलायन कम होने के बजाय और तेजी से हुआ है। पहाड़ में शराब की पहुंच चिंताजनक और गंभीर विषय है। गांव विकास मांग रहे हैं। पहचान लुप्त हो रही है। यही हाल रहा तो हमारे गांवों का अस्तित्व मिट जाएगा। सरकार से सवाल पूछा कि सरकार की नीति में गांव कहां है। उत्तराखंड गांवों का प्रदेश है। जब तक इन गांवों तक विकास और रोजगार नहीं पहुंचेगा तब तक पलायन नहीं थमेगा।
उन्होंनें राज्य की बदहाली के लिए भाजपा और कांग्रेस को बराबर का जिम्मेदार माना। चुनाव नजदीक हैं। नेता गांवों में दस्तक देने लगे हैं। अब इन नेताओं को जबाव देने का समय है। इस अवसर पर भुवन जोशी, योगेश पाठक, नानू बिष्ट, महेश बराल, देवेंद्र पंत, अनिल धामी, विक्रम धामी, कलावती देवी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। यात्रा दल के सदस्य डॉ. हिमानी पुरोहित, द्वारिका सेमवाल, मनमोहन नेगी, ईश्वर जोशी ने भी विचार रखे। इससे पहले गांव बचाओ यात्रा के पिथौरागढ़ पहुंचने पर जाजरदेवल में विभिन्न संगठनों और ग्रामीणों ने स्वागत किया। रैली में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।