एसएसबी जवान की मौत
संवाद सूत्र, धारचूला : उच्च हिमालयी भूभाग में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छंकनडे और लामारी के बीच
संवाद सूत्र, धारचूला : उच्च हिमालयी भूभाग में कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छंकनडे और लामारी के बीच पेट्रोलिंग के दौरान एसएसबी जवान की खाई में गिरने से मौत हो गई। जवान असम का रहने वाला था।
मंगलवार की सायं एसएसबी 'ए-कंपनी' के जवान उच्च हिमालयी भूभाग में नेपाल सीमा पर गश्त कर रहे थे। इस क्षेत्र में अभी भी कई फीट बर्फ जमी हुई है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छंकनडे से लामारी के मध्य गश्त के दौरान जीडी जवान देवव्रत शर्मा (25) पुत्र दुलार शर्मा, ग्राम भोलपुरी, थाना गुसाईगोल (कोकराझार) असम का पैर अचानक फिसल गया। गहरी खाई में लुढ़कते हुए काली नदी किनारे पहुंच गया। अन्य जवानों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया। मार्ग पर बर्फ और तीव्र ढलान होने से जवान सफल नहीं हो सके। देर सायं तक काफी कोशिशों के बाद घायल जवान को खाई से निकाला गया। एसएसबी जवानों ने रात को करीब 60 किमी दूर तक पैदल चलकर उसे धारचूला सीएचसी पहुंचाया। धारचूला पहुंचने के बाद देर रात दो बजे के आसपास जवान की मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक जवान का पंचनामा भर कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। एसएसबी ने जवान की मौत की सूचना उसके घर दे दी है। जवान पिछले पांच माह से लामारी पोस्ट पर तैनात था। पार्थिव शरीर को उसके पैतृक गांव भेजा जा रहा है।