रोडवेज चालक-परिचालक गरजे
पिथौरागढ़ : परिवहन निगम में किलोमीटर के आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को कुप्रबंधन के
पिथौरागढ़ : परिवहन निगम में किलोमीटर के आधार पर सेवाएं दे रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को कुप्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मचारियों ने व्यवस्थाओं में सुधार नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
रोडवेज बस स्टेशन में एकत्र हुए कर्मचारियों ने निगम प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि सीमांत जिले में 182 चालक और परिचालक किलोमीटर के आधार पर वर्ष 2005 से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। निगम में प्रबंधन की कमियों के कारण चालक और परिचालकों को नियमित ड्यूटी नहीं मिल पा रही है। जिन्हें ड्यूटी मिल भी रही है, उन पर बसों में ब्रेक डाउन होने का जिम्मा डालते हुए वसूली की जा रही है। कर्मचारियों को नाम मात्र का मानदेय मिल रहा है। महंगाई के इस दौर में उनके लिए परिवार पालना मुश्किल हो रहा है। वक्ताओं ने इस स्थिति के लिए निगम के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार नहीं किए जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। सभा को कोमल सिंह, पवन पांडेय, आनंद बल्लभ, अनिल जोशी, जगदीश बोरा आदि ने संबोधित किया।
रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद् के वरिष्ठ पदाधिकारी मनोहर सिंह जेठी ने किलोमीटर आधारित कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि आज डिपो की 70 प्रतिशत व्यवस्था इन्हीं कर्मचारियों के भरोसे चल रही है। इसके बाद भी निगम इन्हें ड्यूटियां न देकर उनके साथ खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को शीघ्र सुलझाने की मांग की है।