तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने आया तैराक बहा
- कैलाली की गोदावरी नदी में हो रही है प्रतियोगिता
संवाद सूत्र, झूलाघाट : नेपाल के कैलाली जिले के गोदावरी नदी में चल रही तैराकी प्रतियोगता में भाग लेने आया एक तैराक बह गया है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है।
कैलाली जिले के मालाखेती ग्राम विकास समिति क्षेत्र में बहने वाली गोदावरी नदी में इन दिनों तैराकी प्रतियोगिता चल रही है। तैराकी प्रतियोगिता में विभिन्न स्थानों के तैराक आए हैं। कंचनपुर जिले कृष्णापुर ग्राम विकास समिति के गुलरिया निवासी 21 वर्षीय पुष्पराज जोशी भी प्रतियोगिता में भाग लेने आया था। पुष्पराज जोशी प्रतियोगिता के दौरान गोदावरी नदी के तीव्र बहाव की चपेट में आकर बह गया। साथ के अन्य तैराकों द्वारा उसे बचाने का प्रयास किया गया। परंतु उसका कुछ भी पता नहीं चल सका है। यह जानकारी देते हुए मालाखेती इलाका प्रहरी के प्रभारी ने बताया कि बहे युवक की तलाश जारी है।