अपनों के बीच भावुक हो गई अनुकृति
संवाद सहयोगी, लैंसडौन : मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल का ताज लेकर अपने गृह नगर पहुंचने पर अ
संवाद सहयोगी, लैंसडौन : मिस इंडिया ग्रैंड इंटरनेशनल का ताज लेकर अपने गृह नगर पहुंचने पर अनुकृति गुसाई का ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। स्वागत से गद्गद् अनुकृति स्वयं को अपनों के बीच पाकर भावुक हो उठी। अनुकृति ने वियतनाम में अक्टूबर माह में होने वाली ग्रैंड इंटरनेशनल-2017 प्रतियोगिता के लिए वोट देने की अपील की है।
शनिवार को अनुकृति गुसाई का गांधी चौक पहुंचने पर क्षेत्रीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। गांधी चौक से अनुकृति रोड शो करते हुए नरेंद्र क्लब तक पहुंची। यहां लोसा, स्वर व व्यापार मंडल की ओर से अनुकृति के सम्मान में अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कैंट सीईओ अंकिता सिंह ने कहा कि अनुकृति की इस उपलब्धि से लैंसडौन नगर का नाम पूरे विश्व में रोशन हुआ है, जो सभी नगरवासियों के लिए गर्व की बात है। सीईओ अंकिता ने कहा की कभी भी लक्ष्यों के आगे पढ़ाई से समझौता नही करना चाहिए। उन्होंने छात्रों से सदैव बड़े सपने देखने का आह्वान किया। इस मौके पर अनुकृति ने कहा कि पहाड़ की लड़कियों में प्रतिभा की कमी नही है। छावनी परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. एसपी नैथानी व व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश ध्यानी ने अनुकृति को नगर के भावी छात्रों के लिए रोल मॉडल बताया। इस मौके पर अनुकृति की मां नर्वद्धा गुसाईं, पिता उत्तम गुसार्इं, स्वर संस्था की अध्यक्ष उषा नैथानी, उर्मिला वर्मा, सतीश कालेश्वरी, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य रामेश्वरी बड़वाल, प्रेमा वर्मा, वार्ड सदस्य सुमित्रा नेगी आदि मुख्य रूप से मौजूद थी।
छात्र जीवन से रूबरू हुई अनुकृति
फेमिना मिस इंडिया के टॉप फाइव में रही अनुकृति गुसाई जब आर्मी पब्लिक स्कूल पहुंची, तो वहां उनकी छात्र जीवन की यादें ताजा हो उठी। आर्मी पब्लिक स्कूल में अनुकृति के सम्मान में विद्यालय प्रशासन की ओर अनुकृति के छात्र जीवन की यादों को स्लाइड-शो के जरिये प्रदर्शित किया गया। इसमें अनुकृति की खेल-कूद से लेकर सांस्कृतिक व शैक्षिक सभी गतिविधियों को शामिल किया गया था। विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक कुमार ने अनुकृति के उज्ज्वल जीवन की कामना की।
गढ़वाली गीत गाने के साथ ही थिरकीं भी
अनुकृति गुसाई ने पर्यटन नगरी पहुंचने पर जहां छात्रों की मांग पर गढ़वाली गीत गाए, वही वह छात्रों के साथ मंच पर थिरकी भी। यही नही अनुकृति के ऑटोग्राफ लेने के साथ ही लोगों में अनुकृति के साथ सेल्फी खिंचवाने का भी खासा क्रेज दिखाई दिया। अनुकृति ने सेल्फी के लिए किसी को निराश नही किया।