शिक्षा परिसर में गरजी भोजन माताएं
संवाद सहयोगी, पौड़ी: मंडल मुख्यालय के शिक्षा परिसर में भोजन माताएं विभाग के अडि़यल रुख को लेकर गरजीं।
संवाद सहयोगी, पौड़ी: मंडल मुख्यालय के शिक्षा परिसर में भोजन माताएं विभाग के अडि़यल रुख को लेकर गरजीं। उन्होंने कहा कि सरकार भोजन माताओं का रोजगार छीनना चाहती है, लेकिन वे अपने हक को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं। भोजन माताओं ने सरकार की ओर से समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किए जाने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। वहीं सीटू ने भोजन माताओं के प्रदर्शन को सर्मथन दिया।
सोमवार को जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक कार्यालय में उत्तराखंड भोजन माता कामगार यूनियन एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया। भोजन माताओं ने परिसर में विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर यूनियन की जिलाध्यक्ष ऐश्वर्या जुयाल ने कहा कि सरकार भोजन माताओं का रोजगार छीनना चाहती है, लेकिन वे अपने हक को बचाने के लिए आर-पार की लड़ाई को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का रुख लगातार भोजन माताओं के उत्पीड़न का रहा है। जबकि वे विपरीत परिस्थितियों में बेहतर सेवाएं दे रही हैं। प्रांतीय अध्यक्ष रोशनी बिष्ट ने बताया कि सरकार भोजन माताओं की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया जाता है, तो प्रदेशव्यापी हड़ताल की जाएगी। भोजन माताएं लंबे समय से न्यूनतम वेतन निर्धारित किए जाने, सामाजिक सुरक्षा दिए जाने, सेवा से हटाई गई भोजन माताओं को पुनर्नियुक्ति दिए जाने, वर्दी प्रदान करने की मांग कर रही हैं। यूनियन ने सचिव विद्यालयी शिक्षा को ज्ञापन भेज समस्याओं के समाधान जल्द किए जाने की मांग भी की। इस अवसर पर यूनियन की ब्लाक अध्यक्ष कोट लक्ष्मी देवी, कबोत्री देवी, सतेश्वरी देवी, अनुसूया देवी, सीटू के जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह रावत, जिला सचिव देवानंद नौटियाल, टीका प्रसाद आदि मौजूद थे।