सीएम को विकास से सरोकार नहीं: महाराज
संवाद सहयोगी, पौड़ी: पूर्व सांसद व भाजपा नेता सतपाल महाराज ने आरोप लगाया कि हरीश रावत ने प्रदेश को लू
संवाद सहयोगी, पौड़ी: पूर्व सांसद व भाजपा नेता सतपाल महाराज ने आरोप लगाया कि हरीश रावत ने प्रदेश को लूट का अड्डा बना लिया। वह चहेतों की झोली भरने में लगे हैं। प्रदेश के विकास से उन्हें कोई सरोकार नहीं है।
सोमवार को मंडल मुख्यालय में भाजपा की पर्दाफाश रैली का आयोजन किया। रैली श्रीनगर रोड स्थित हंस कल्चर सेंटर से बस अड्डे पर पहुंची। यहां जनसभा को संबोधित करते पूर्व सांसद सतपाल महाराज ने हरीश रावत सरकार पर प्रदेश को लूटने का आरोप लगाया। उत्तराखंड का निर्माण पहाड़ के हितों को देखकर किया था, लेकिन हरीश रावत ने प्रदेश को माफिया की शरण स्थली बना दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रेल लाइन निर्माण कार्य सितंबर में आरंभ हो जाएगा। भविष्य में पहाड़ की भौगोलिक परिस्थतियों के अनुरुप फर्णाकुलर रेल भी उत्तराखंड में दौड़ेगी। पूर्व काबीना मंत्री व पर्दाफाश रैली के संयोजक खजान दास ने कहा कि पहले चरण की रैलियां 44 विधान सभाओं में आयोजित की जा रही है। जबकि 26 विधानसभाओं में दूसरे चरण में पर्दाफाश रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जल्द ही पूरे प्रदेश में परिवर्तन यात्रा की आठ टीमों का गठन कर पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, डॉ. हरक सिंह रावत, सतपाल महाराज व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा को सौंपा जाएगा। कार्यक्रम का संचालन नीरज पांथरी ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक व जिला प्रभारी महेंद्र भट्ट, जिलाध्यक्ष मुकेश रावत, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा सुमन लता ध्यानी, जिला उपाध्यक्ष मधु कुगशाल, पूर्व विधायक बृजमोहन कोटवाल, नगर अध्यक्ष राजेंद्र रावत, घनानंद, राजकुमार पोरी, मुकेश कोली, मनोहर लाल पहाड़ी आदि मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री रहते हरीश ने की उत्तराखंड की उपेक्षा
पूर्व सांसद सतपाल महाराज ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हरीश रावत ने केंद्र सरकार में मंत्री रहते उत्तराखंड की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की केदारनाथ त्रासदी की पूर्व चेतावनी भूगर्भवेत्ताओं ने वर्ष 2004 में दे दी थी। जिस समय हरीश रावत केंद्रीय जल संसाधन मंत्री थे। वे चाहते तो उसी दौरान केदारनाथ त्रासदी का समाधान खोजा जा सकता था। लेकिन उन्होंने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया।
पर्दाफाश रैली भाजपा की बौखलाहट
नगर पालिका सभासद योगेंद्र कुमार ने भाजपा की पर्दाफाश रैली को बौखलाहट करार दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के विकास की रफ्तार देख भाजपा में बैचेनी बढ़ने लगी है। रैली के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।